मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

परवाणू में मूसलाधार बारिश से हाहाकार, जलभराव और भूस्खलन से कई रास्ते बंद; ट्रक सड़क से नीचे गिरा

सार

सोलन के परवाणू में करीब दो घंटे हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ। टकसाल रेलवे फाटक के पास सड़क पर पानी भरने से कई वाहन फंस गए, जबकि टकसाल गांव का संपर्क मार्ग बंद हो गया। सेब मंडी के पास मलबा गिरने से शिमला मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू करनी पड़ी। वहीं शिवालिक कैफे के पास एक ट्रक सड़क से नीचे गिर गया, जबकि कोटी के पास रेलवे ट्रैक कुछ समय प्रभावित रहा।

3 मिनट
परवाणू में मूसलाधार बारिश से हाहाकार, जलभराव और भूस्खलन से कई रास्ते बंद; ट्रक सड़क से नीचे गिरा

टकसाल रेलवे फाटक के पास वाहन पानी में फंसे, गांव का संपर्क मार्ग बंद; सेब मंडी के पास मलबा आने से शिमला मार्ग वन-वे

सोलन जिले के परवाणू क्षेत्र में शनिवार को करीब दो घंटे हुई तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। भारी बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई। सड़कों पर पानी और मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि कई संपर्क मार्ग भी बंद हो गए।

सेक्टर-2 में टकसाल रेलवे फाटक के पास सड़क पर भारी मात्रा में बारिश का पानी जमा हो गया। जलभराव के कारण कई वाहन पानी में फंस गए। कुछ वाहन पानी में डूबे हुए भी नजर आए। टकसाल के शिवलोती मंदिर के पास नाले का पानी कुछ उद्योगों में घुसने की भी जानकारी सामने आई है।

पीएम आवास योजना के मकानों के पास सुरक्षा डंगा क्षतिग्रस्त

भारी बारिश का असर सेक्टर-5 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों के आसपास भी देखने को मिला। यहां सुरक्षा डंगे को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि अगर बारिश का दौर जारी रहा तो सेक्टर-4 में पहले से क्षतिग्रस्त डंगा और कमजोर हो सकता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक डंगा गिरने की स्थिति में आसपास बने कुछ मकानों को खतरा पैदा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग की है।

टकसाल गांव का संपर्क मार्ग बंद

बारिश के चलते टकसाल गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी बंद हो गया। लोक निर्माण विभाग परवाणू के सहायक अभियंता शिव कुमार ने रास्ता बंद होने की पुष्टि की है। विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मार्ग को बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सेब मंडी के पास मलबा गिरा, शिमला मार्ग वन-वे

तेज बारिश के दौरान सेब मंडी के समीप पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे शिमला की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इस हिस्से में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी।

डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि सेब मंडी के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण शिमला की ओर जाने वाले मार्ग पर वन-वे व्यवस्था की गई है। यातायात को नियंत्रित करने के लिए चक्की मोड़ पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस की टीम लगातार स्थिति पर नजर रख रही है।

शिवालिक कैफे के पास सड़क से नीचे गिरा ट्रक

शिवालिक कैफे के पास कुछ दिन पहले बारिश के कारण सड़क किनारे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। शनिवार को इसी स्थान के समीप एक ट्रक सड़क से नीचे जा गिरा। राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक के सुरक्षित होने की जानकारी है।

कोटी के पास रेलवे ट्रैक भी प्रभावित

कालका-शिमला रेलवे लाइन पर कोटी के पास पहाड़ी से मलबा गिरने की सूचना मिली। इसके चलते रेलवे ट्रैक करीब 20 से 25 मिनट तक प्रभावित रहा। बाद में मलबा हटाकर रेल यातायात के लिए ट्रैक को बहाल कर दिया गया।

बताया गया कि ट्रैक प्रभावित रहने के दौरान किसी ट्रेन के प्रभावित होने की सूचना नहीं है।

प्रशासन और पुलिस अलर्ट

लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और पुलिस की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम में गैर जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।

साथ ही लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और जलभराव वाली सड़कों से दूरी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को सूचना देने की सलाह दी गई है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • परवाणू
  • जलभराव
  • मूसलाधार बारिश
  • सड़क बंद
  • शिमला मार्ग
  • सुरक्षा इंतजाम

इस खबर को शेयर करें