मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पधर के चेली में बेटे ने पिता पर बैलू से किया हमला, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

सार

मंडी के पधर उपमंडल के चेली गांव में बेटे पर अपने पिता के सिर पर बैलू से हमला करने का आरोप है। गंभीर हालत में मस्त राम को पधर अस्पताल से मंडी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है।

TV Incharge

2 मिनट
पधर के चेली में बेटे ने पिता पर बैलू से किया हमला, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

बरामदे में सो रहे मस्त राम के सिर पर बड़े बेटे दीपक पर वार करने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

उपमंडल पधर की ग्राम पंचायत चेली के चेली गांव में एक बेटे पर अपने पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना वीरवार रात करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मस्त राम अपने घर के बरामदे में सो रहे थे, तभी उनके बड़े बेटे दीपक ने कथित तौर पर उनके सिर पर बैलू से वार कर दिया।

हमले के बाद मस्त राम के सिर से खून बहने लगा। बेटे दीपक और परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए पधर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मंडी रेफर कर दिया। हालांकि, मंडी पहुंचने से पहले ही मस्त राम की मौत हो गई।

अस्पताल से पुलिस को मिली सूचना

मंडी अस्पताल की ओर से पधर थाना पुलिस को सूचना दी गई कि पधर से एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था, जिसकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलने के बाद डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम मंडी पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मृतक के छोटे बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके बड़े भाई दीपक ने पिता के सिर पर बैलू से वार किया था।

एसपी और फोरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

शुक्रवार दोपहर बाद एसपी मंडी विनोद कुमार, डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी, थाना प्रभारी पधर अनिल कटोच और फोरेंसिक साइंस टीम चेली गांव स्थित घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी हिरासत में

एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पधर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज में करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

एसपी ने कहा कि मामले में आगामी कार्रवाई जारी है और घटना में जो भी व्यक्ति शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें