मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सिलाई मशीन में छिपाकर रखा था 'मौत का सामान', चिट्टे के साथ मां-बेटा गिरफ्तार

सार

नूरपुर पुलिस की सीआईए (CIA) टीम ने नशे के नेटवर्क पर प्रहार करते हुए तहसील इंदौरा के अंतर्गत आते गांव भदरोया में एक रिहायशी मकान पर छापेमारी की।

2 मिनट
सिलाई मशीन में छिपाकर रखा था 'मौत का सामान', चिट्टे के साथ मां-बेटा गिरफ्तार

नूरपुर

नूरपुर पुलिस की सीआईए (CIA) टीम ने नशे के नेटवर्क पर प्रहार करते हुए तहसील इंदौरा के अंतर्गत आते गांव भदरोया में एक रिहायशी मकान पर छापेमारी की। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 3 स्थित एक घर में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप रखी गई है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी कर दबिश दी।

सिलाई मशीन के स्टैंड में छिपाई थी हैरोइन

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को चकमा देने के लिए नशे की खेप को बेहद शातिराना तरीके से छिपाया गया था।

गहन तलाशी में सिलाई मशीन के स्टैंड के नीचे छिपाकर रखा गया एक पैकेट बरामद हुआ। जब पुलिस ने पैकेट को खोलकर जांच की, तो उसमें 41.40 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को सील कर अपने कब्जे में ले लिया।

मां-बेटा चढ़े पुलिस के हत्थे

इस मामले में पुलिस ने मौके से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो आपस में मां-बेटा हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वनीता देवी (43) पत्नी दरबारी लाल और उनके बेटे अमन (24) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी वार्ड नंबर 3, भदरोया के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नशे के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस

एसपी नूरपुर ने बताया कि पुलिस अब इन दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चिट्टे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस का 'जीरो टॉलरेंस' अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा।

इस खबर को शेयर करें