नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इंदौरा के चक्क नांगलियां गांव में घर की तलाशी के दौरान टीवी स्पीकर के अंदर से बरामद हुई 10.96 ग्राम हेरोइन।
हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला नूरपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इंदौरा क्षेत्र के एक घर में छापेमारी कर 10.96 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ ने गांव चक्क नांगलियां, डाकघर कन्दरोड़ी, तहसील इंदौरा स्थित एक मकान में नियमानुसार तलाशी अभियान चलाया।
टीवी स्पीकर के अंदर छिपा रखा था चिट्टा
तलाशी के दौरान पुलिस को मकान के एक कमरे में रखे टेलीविजन के स्पीकर के भीतर छिपाकर रखा गया 10.96 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू की।
इस संबंध में थाना डमटाल में एफआईआर संख्या 130/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने आरोपी तपेश्वर सिंह उर्फ सोनू, पुत्र स्वर्गीय मदन सिंह, निवासी गांव चक्क नांगलियां, डाकघर कन्दरोड़ी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसपी धर्मचंद वर्मा ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नूरपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें और मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube