हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत पेंशनर फोरम, नूरपुर इकाई की मासिक बैठक विद्युत विश्राम गृह बोढ़ में इकाई प्रधान इंजीनियर मान सिंह धीमान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से कर्मचारियों एवं पेंशनरों का 15 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ता (डीए) तथा संशोधित वेतनमान की बकाया राशि शीघ्र जारी करने की मांग उठाई। साथ ही प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का भी विरोध किया गया। बैठक के दौरान यूनिट सचिव अरुण सहोत्रा, उपाध्यक्ष सुभाष चौधरी, जाटू राम, जवाली इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर चैन सिंह पठानिया तथा ऑडिटर इंजीनियर कृष्ण धीमान ने संयुक्त रूप से कहा कि कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से आर्थिक भेदभाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई को ध्यान में रखते हुए डीए जारी करती है, लेकिन हिमाचल सरकार द्वारा 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता लंबित रखना कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ अन्याय है। उनका कहना था कि इससे विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों और पेंशनरों को प्रतिवर्ष एक लाख से तीन लाख रुपये तक का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। फोरम ने सरकार से लंबित डीए और अन्य वित्तीय देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जायज मांगों की लगातार अनदेखी की गई तो कर्मचारियों और पेंशनरों में सरकार के प्रति असंतोष और आक्रोश बढ़ेगा, जिसका असर आगामी चुनावों में भी देखने को मिल सकता है। बैठक में प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का भी पुरजोर विरोध किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब मौजूदा बिजली मीटर सही रीडिंग दे रहे हैं तो हजारों रुपये खर्च कर स्मार्ट मीटर लगाने का औचित्य समझ से परे है। उनका कहना था कि बिजली बोर्ड को पहले जर्जर विद्युत लाइनों, पुराने ट्रांसफार्मरों, पेड़ों की कटाई-छंटाई तथा 30 से 40 वर्ष पुराने पीवीसी तारों को बदलने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सके। पेंशनरों ने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में कम वोल्टेज के कारण घरों में लगे टीवी, फ्रिज, एसी और अन्य विद्युत उपकरण सुचारू रूप से नहीं चल पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जहां आवश्यकता है वहां थ्री-फेज लाइनें उपलब्ध कराई जाएं और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए। फोरम का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगाने से पहले बिजली व्यवस्था को "स्मार्ट" बनाना अधिक जरूरी है। बैठक में सेवानिवृत्त एक्सईएन सुनंतन गुप्ता, चरण सिंह, परशोतम, प्रेम सिंह, अशोक, अजय शर्मा, बलवंत ठाकुर, लक्ष्मी नारायण, मोहिंदर सिंह, मदन, हरबंश, बाबू राम, सरवन ठाकुर, कमर सिंह, किरपाल, सुरेश शर्मा सहित करीब 40 पेंशनर उपस्थित रहे।
सार
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत पेंशनर फोरम की नूरपुर इकाई की बैठक में पेंशनरों ने 15 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ता (डीए) और संशोधित वेतनमान की बकाया राशि शीघ्र जारी करने की मांग की। बैठक में प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का भी विरोध करते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
प्रकाशित: ()2 मिनट423 शब्द

