मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

फोरलेन निर्माण से नम्होल–सकरेड सड़क पर खतरा, जगह-जगह पड़ीं बड़ी दरारें; ग्रामीणों को हादसे का डर

सार

बिलासपुर में फोरलेन निर्माण कार्य के चलते नम्होल–सकरेड संपर्क मार्ग पर खतरा बढ़ गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने से इसका एक हिस्सा कभी भी धंसने की आशंका है। ग्रामीणों ने फोरलेन निर्माण कंपनी और प्रशासन पर समस्या की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

TV Incharge

2 मिनट
फोरलेन निर्माण से नम्होल–सकरेड सड़क पर खतरा, जगह-जगह पड़ीं बड़ी दरारें; ग्रामीणों को हादसे का डर

संपर्क मार्ग का हिस्सा धंसने की आशंका, ग्रामीणों का आरोप– 90 डिग्री की सीधी कटिंग से बढ़ा खतरा; कंपनी और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में फोरलेन निर्माण कार्य के चलते नम्होल–सकरेड संपर्क मार्ग पर खतरा मंडराने लगा है। सड़क पर जगह-जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिससे संपर्क मार्ग का एक हिस्सा कभी भी धंसकर गिर सकता है।

इस स्थिति को लेकर आसपास के गांवों के लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर पहले भी फोरलेन निर्माण कंपनी और प्रशासन को अवगत करवाया है, लेकिन अभी तक कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई। फोरलेन निर्माण के कारण गांवों के संपर्क रास्ते भी प्रभावित हुए हैं। इससे लोगों को रोजमर्रा का सामान लाने और ले जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

90 डिग्री की सीधी कटिंग से बढ़ा खतरा: ग्रामीण

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फोरलेन निर्माण कंपनी की ओर से करीब 90 डिग्री के कोण पर सीधी कटिंग की जा रही है। इससे गांवों और संपर्क मार्गों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। उनका कहना है कि सड़क पर पड़ी दरारें लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आगामी बरसात के दौरान सड़क का हिस्सा धंस सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है।

कंपनी और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग

ग्रामीणों ने फोरलेन निर्माण कंपनी और प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर स्थिति का उचित आकलन करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क और आसपास के गांवों को सुरक्षित रखने के लिए कटिंग के तरीके पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए।

साथ ही प्रभावित संपर्क रास्तों का उचित प्रावधान किया जाए, ताकि निर्माण कार्य के चलते ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित न हो और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें