नमेला गांव के पास अचानक धू-धू कर जली गाड़ी, माता रानी की कृपा से टला बड़ा हादसा
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी के समीप नमेला गांव के पास उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक गाड़ी में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही समय में जलकर राख हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह गाड़ी श्री आनंदपुर साहिब से श्री नैना देवी की ओर आ रही थी। नमेला गांव के पास पहुंचते ही अचानक गाड़ी में आग लग गई। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि गाड़ी में सवार सभी श्रद्धालुओं के समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने की सूचना है। हादसे में किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
पंजाब से श्री नैना देवी दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु ने बताया कि नमेला के पास अचानक गाड़ी में आग लग गई। उन्होंने कहा कि माता रानी की कृपा से किसी भी श्रद्धालु को नुकसान नहीं हुआ और सभी सुरक्षित हैं।
घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube