जिला परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक, बस सुविधा और अधिकारियों-कर्मचारियों की अनुपलब्धता के मुद्दे प्रमुखता से उठे
जिला परिषद हमीरपुर की पहली त्रैमासिक बैठक जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा ने की। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अभिषेक गर्ग भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिले के सभी वार्डों में आगामी दिनों में किए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कई जिला परिषद सदस्यों ने अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
जिला परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा ने कहा कि बैठक में गांव-गांव की समस्याओं पर चर्चा की गई और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आगामी रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि कई जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने की शिकायत भी बैठक में उठाई है।
अनीता शर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के फोन का जवाब नहीं मिलना उचित नहीं है। अधिकारियों और कर्मचारियों को जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए, ताकि आम जनता से जुड़े मामलों का समय पर समाधान किया जा सके।
बैठक में जिले के कुछ क्षेत्रों में बस सुविधा की समस्या का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने संबंधित क्षेत्रों में बस सेवा सुचारू नहीं होने के कारण लोगों को पेश आ रही परेशानियों पर चर्चा की।
जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में कई उच्च अधिकारियों के मौजूद नहीं रहने पर भी सदस्यों ने मलाल जताया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर मौके पर ही जवाब नहीं मिल पाए, जिससे सदस्यों को परेशानी हुई।
उन्होंने कहा कि जिला परिषद की बैठकों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और विकास कार्यों पर प्रभावी चर्चा करना है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी जरूरी है, ताकि सदस्यों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर मौके पर ही आवश्यक जानकारी और समाधान की दिशा में कार्रवाई हो सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube