देशभर के 48 उत्कृष्ट शिक्षकों में हिमाचल से हुआ चयन, शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण और नवाचार के लिए बनाई अलग पहचान
हिमाचल प्रदेश और विशेष रूप से सुजानपुर-टिहरा क्षेत्र के लिए शिक्षक दिवस का दिन गौरव और उपलब्धि लेकर आया। पीएम श्री सीबीएसई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुजानपुर टिहरा की प्रधानाचार्या मंजरी वी. महाजन को देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंजरी वी. महाजन को यह सम्मान प्रदान किया। देशभर से चयनित कुल 48 उत्कृष्ट शिक्षकों में हिमाचल प्रदेश से मंजरी महाजन का चयन हुआ था।
यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि हिमाचल के सरकारी और ग्रामीण स्कूलों में किए जा रहे बेहतर शैक्षणिक कार्यों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का प्रमाण है।
सिर्फ पढ़ाने तक सीमित नहीं रहा योगदान
मंजरी वी. महाजन का शैक्षणिक योगदान केवल कक्षा में पढ़ाने तक सीमित नहीं रहा है। उन्होंने विद्यालय नेतृत्व के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, अपशिष्ट प्रबंधन और बालिका शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ की प्रधानाचार्या रहते हुए उनके नेतृत्व में स्कूल ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल कीं। विद्यालय को उत्कृष्ट पर्यावरणीय कार्यों के लिए Environment Leadership Award 2026 से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से प्रदान किया गया था।
इसके अलावा अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए उन्हें Waste Warrior Award 2025 भी मिला। उनके नेतृत्व में विद्यालय में वर्मी कम्पोस्टिंग, प्लास्टिक मुक्त परिसर और जैविक संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसी पहल को बढ़ावा दिया गया।
राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल के ग्रामीण स्कूल मॉडल को रखा
वर्ष 2026 में राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA) ने देश के चुनिंदा नवाचारी स्कूल प्रमुखों में मंजरी वी. महाजन का चयन किया। इस मंच पर उन्होंने हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण स्कूलों में किए जा रहे नवाचारों और शिक्षा मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया।
उनके स्कूल को Centre for Science and Environment (CSE) की ओर से लगातार दो बार Green School Status भी प्राप्त हुआ। पर्यावरण-अनुकूल विद्यालय परिसर तैयार करने और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना गया।
बालिका शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए उन्हें जिला कार्यक्रम अधिकारी हमीरपुर की ओर से Visionary Leader in Girl Education सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
मंजरी वी. महाजन ने शिक्षा और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र भी प्रकाशित किए हैं। उनकी उपलब्धियां शिक्षा के साथ-साथ विद्यालयों में नवाचार और पर्यावरणीय चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए प्रयासों को दर्शाती हैं।
सुजानपुर क्षेत्र में खुशी की लहर
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलने के बाद सुजानपुर-टिहरा क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है। उनका कहना है कि मंजरी वी. महाजन का सम्मान हिमाचल के सरकारी स्कूलों में बेहतर कार्य कर रहे शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
मंजरी महाजन की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube