मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी: सुंदरनगर में अध्यापिका ने फंदा लगाकर की खुदकुशी, भाई के आरोपों के बाद पति समेत पूरा ससुराल परिवार गिरफ्तार

सार

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सुंदरनगर में एक शिक्षिका ने क्वार्टर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद को प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर।

2 मिनट
मंडी: सुंदरनगर में अध्यापिका ने फंदा लगाकर की खुदकुशी, भाई के आरोपों के बाद पति समेत पूरा ससुराल परिवार गिरफ्तार

जयदेवी स्कूल में कार्यरत व्यावसायिक शिक्षिका की संदिग्ध मौत; मायके पक्ष ने लगाया शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सुंदरनगर क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ जयदेवी स्कूल में कार्यरत एक व्यावसायिक महिला शिक्षिका ने अपने सरकारी क्वार्टर में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद मायके पक्ष की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के पति, सास, ससुर और ननद को गिरफ्तार कर लिया है।

क्वार्टर में फंदे से लटका मिला शव

जानकारी के अनुसार, मृतका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS) जयदेवी में व्यावसायिक शिक्षिका (Vocational Teacher) के रूप में तैनात थीं और अपने पति के साथ जयदेवी में ही एक किराए के क्वार्टर में रह रही थीं।

बीते मंगलवार को उन्होंने संदिग्ध परिस्थितियों में क्वार्टर के भीतर फंदा लगा लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें आनन-फानन में श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, नेरचौक ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मायके पक्ष का आरोप: शादी के बाद से मिल रही थी प्रताड़ना

मृतका के भाई आशिद (निवासी भोजपुर, सुंदरनगर) ने बीएसएल (BSL) पुलिस कॉलोनी थाना में दर्ज करवाई शिकायत में ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। आशिद ने बताया:

"मेरी बहन की शादी सरकाघाट तहसील के बारू गांव के एक परिवार में हुई थी। शादी के बाद से ही उसके पति, सास, ससुर और ननद उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी प्रताड़ना से तंग आकर मेरी बहन ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।"

मायके पक्ष ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, 4 आरोपी गिरफ्तार

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति, सास, ससुर और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें