मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला के बाद अब मंडी में दर्दनाक हादसा: सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर खाई में गिरी पिकअप, 24 वर्षीय युवक की मौत, एक गंभीर

सार

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के भीतर एक और बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। शिमला में शुक्रवार शाम को हुए पिकअप हादसे में छह लोगों की मौत के बाद, अब मंडी जिला के सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर भी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

2 मिनट
शिमला के बाद अब मंडी में दर्दनाक हादसा: सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर खाई में गिरी पिकअप, 24 वर्षीय युवक की मौत, एक गंभीर

सुंदरनगर (मंडी):

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के भीतर एक और बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। शिमला में शुक्रवार शाम को हुए पिकअप हादसे में छह लोगों की मौत के बाद, अब मंडी जिला के सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर भी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है।

मंडियों में सब्जी छोड़कर घर लौट रहे थे युवक

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक पेशे से चालक व सहायक थे, जो क्षेत्र के स्थानीय किसानों की सब्जियां सुंदरनगर और निहरी की मंडियों तक पहुंचाने का काम करते थे। रोजमर्रा की तरह शुक्रवार देर रात भी वे अपना काम खत्म कर पिकअप वाहन में सवार होकर सुंदरनगर से अपने गांव बेहली लौट रहे थे।

औकल के पास अनियंत्रित हुआ वाहन

रात के समय जब उनकी पिकअप औकल के समीप पहुंची, तो अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी सड़क से नीचे सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।

पुष्पराज ने तोड़ा दम, धर्मेंद्र नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने 24 वर्षीय पुष्पराज (पुत्र घनश्याम) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल 23 वर्षीय धर्मेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया गया है।

डॉक्टरों के मुताबिक धर्मेंद्र की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस दुखद घटना के बाद से बेहली गांव और आसपास के पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवक बेहद मेहनती थे। पुष्पराज की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस जांच में जुटी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें