मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में 145 मीटर की ऊंचाई पर हाईटेंशन तारों में फंसा पैराग्लाइडर पायलट, 146 मीटर लंबी क्रेन से रेस्क्यू ऑपरेशन

सार

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के मेहड़ गांव में पैराग्लाइडर पायलट करीब 145 मीटर की ऊंचाई पर बिजली की हाईटेंशन तारों में फंस गया। प्रशासन ने बिजली आपूर्ति बंद करवाकर 146 मीटर लंबी क्रेन की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया है।

TV Incharge

2 मिनट
मंडी में 145 मीटर की ऊंचाई पर हाईटेंशन तारों में फंसा पैराग्लाइडर पायलट, 146 मीटर लंबी क्रेन से रेस्क्यू ऑपरेशन

मेहड़ गांव में पठानकोट-मंडी हाईवे के पास हुआ हादसा, बिजली आपूर्ति बंद कर बचाव अभियान शुरू; रेस्क्यू के दौरान बड़े वाहनों के लिए बंद किया गया एनएच

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक पैराग्लाइडर पायलट बिजली की हाईटेंशन तारों में फंस गया। हादसा पठानकोट-मंडी हाईवे पर मंडी शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर मेहड़ गांव के पास हुआ। पायलट सड़क से करीब 145 मीटर की ऊंचाई पर तारों में उलझा हुआ है। उसे सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन ने 146 मीटर लंबी क्रेन मंगवाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचित किया और बिजली आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद एसडीएम मंडी सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इतनी अधिक ऊंचाई पर पायलट के फंसे होने के कारण बचाव अभियान प्रशासन के लिए चुनौती बन गया।

क्रेन की ट्रॉली से रेस्क्यू अभियान

पायलट को सुरक्षित निकालने के लिए एसडीआरएफ के नवीन कुमार और गावर कंपनी के वर्कर जम्मू निवासी जमशेद अहमद क्रेन की ट्रॉली में सवार होकर ऊपर पहुंचे। जमशेद अहमद ने तमिलनाडु में इस तरह के रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रशिक्षण लिया है। क्रेन का संचालन लवप्रीत कर रहे हैं, जो फोरलेन निर्माण कार्य में लगे हुए हैं।

पायलट की सुरक्षा के लिए नीचे बांधा तिरपाल

रेस्क्यू अभियान के दौरान जमीन पर लोगों ने तिरपाल बांधा है, ताकि यदि पायलट इतनी ऊंचाई से नीचे गिरता है तो उसे तिरपाल के जरिए बचाया जा सके।

डीसी बोले- पायलट को बचाने के लिए टीम जुटी

उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि पैराग्लाइडर के हाईटेंशन तारों में फंसने की सूचना मिली है। पायलट को सुरक्षित निकालने के लिए टीम काम कर रही है।

रेस्क्यू के चलते बड़े वाहनों के लिए बंद किया एनएच

बचाव अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन ने पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। हाईवे पर क्रेन को स्थापित कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • पैराग्लाइडर हादसा
  • रेस्क्यू ऑपरेशन
  • पठानकोट-मंडी हाईवे
  • एसडीआरएफ
  • बिजली आपूर्ति

इस खबर को शेयर करें