मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

दोनों हाथ गंवाने के बाद नशे की लत ने तोड़ी जिंदगी, अब 30 युवाओं को नशामुक्त कर रहे मंडी के जतिन

सार

मंडी के नागचला निवासी 25 वर्षीय जतिन ने शारीरिक चुनौतियों और नशे की लत को मात देकर युवाओं के लिए मिसाल कायम की है। छह साल की उम्र में करंट लगने से दोनों हाथ गंवाने वाले जतिन कॉलेज के दिनों में नशे की गिरफ्त में आ गए थे। अब नशामुक्त होने के बाद वह 30 युवाओं को नशा छोड़ने में मदद कर चुके हैं और नागचला में नशा निवारण केंद्र खोलने की तैयारी कर रहे हैं।

4 मिनट
दोनों हाथ गंवाने के बाद नशे की लत ने तोड़ी जिंदगी, अब 30 युवाओं को नशामुक्त कर रहे मंडी के जतिन

17 साल की उम्र में शराब से शुरू हुआ नशे का सफर चिट्टे तक पहुंचा, एक साल नशामुक्ति केंद्र में उपचार के बाद बदली जिंदगी; नागचला में खोलेंगे नशा निवारण केंद्र

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के नागचला निवासी 25 वर्षीय जतिन की कहानी संघर्ष, हौसले और नई जिंदगी की मिसाल है। छह साल की उम्र में करंट लगने से दोनों हाथ गंवाने के बाद भी जतिन ने जिंदगी से हार नहीं मानी। हालांकि, कॉलेज की पढ़ाई के दौरान वह नशे की गिरफ्त में आ गए और उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई।

17 वर्ष की उम्र में कॉलेज पहुंचने के बाद जतिन ने पहले शराब का सेवन शुरू किया। इसके बाद वह चरस और अंत में ड्रग्स की लत के शिकार हो गए। हालत ऐसी हो गई कि वह नशे के बिना एक पल भी नहीं रह पाते थे। उनकी बिगड़ती हालत देखकर पिता कुशाल चंद चौधरी ने उन्हें शिमला के नशामुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया।

नशामुक्ति केंद्र में बदली जिंदगी

नशामुक्ति केंद्र में उपचार के दौरान ही जतिन के पिता का निधन हो गया। पिता की मौत का सदमा जतिन के लिए जिंदगी बदल देने वाला साबित हुआ। उन्हें एहसास हुआ कि वह किस दलदल में फंस चुके हैं। इसके बाद उन्होंने नशे से पूरी तरह बाहर निकलने का संकल्प लिया।

जतिन ने करीब एक वर्ष नशामुक्ति केंद्र में रहकर उपचार लिया और इसके बाद ड्रग्स का सेवन पूरी तरह छोड़ दिया। नशे से बाहर आने के बाद उन्होंने फैसला किया कि जिस दलदल में वह खुद फंसे थे, उससे दूसरे युवाओं को भी बाहर निकालेंगे।

30 युवाओं को नशा छोड़ने में मदद

जतिन ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान शुरू किया। उन्होंने सबसे पहले अपने दोस्तों और साथियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में समझाया। धीरे-धीरे उनके अभियान से युवा जुड़ते गए।

जतिन के अनुसार, उनके 11 दोस्तों समेत कुल 30 युवा अब नशे की लत छोड़ चुके हैं। ये सभी अब मिलकर दूसरे लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक कर रहे हैं।

जतिन और उनके साथियों ने मंडी कॉलेज के विद्यार्थियों के अलावा कनैड़ पंचायत में पुलिस विभाग के नशा विरोधी अभियान के तहत भी लोगों को जागरूक किया। कनैड़ पंचायत में उनके अभियान का असर देखने को मिला और छह युवाओं ने चिट्टा छोड़ दिया। इनमें से दो युवा फिलहाल नशामुक्ति केंद्र में उपचार ले रहे हैं।

नागचला में खोलेंगे नशा निवारण केंद्र

जतिन अब अपने साथियों के साथ मिलकर नागचला में नशा निवारण केंद्र शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए भवन का निरीक्षण भी किया जा चुका है। केंद्र में शराब, चरस, चिट्टा और अन्य प्रकार के नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार और मदद उपलब्ध कराने की योजना है।

जतिन के मुताबिक इस केंद्र को स्थापित करने के लिए उन्होंने किसी सरकारी विभाग या संस्था से आर्थिक सहायता नहीं ली है। वह अपने स्तर पर इसके खर्च का इंतजाम कर रहे हैं।

केंद्र स्थापित करने में करीब 8 से 9 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान है। भवन का किराया करीब 50 हजार रुपये प्रतिमाह है। केंद्र में दो बड़े हॉल और कमरे उपलब्ध हैं, जबकि उनके दोस्त भी इसे स्थापित करने में सहयोग कर रहे हैं।

11 अगस्त को मनाई चौथी पुनर्जन्म तिथि

नशे की गिरफ्त से बाहर आने के बाद जतिन और उनके साथियों के लिए यह जिंदगी किसी नए जन्म से कम नहीं है। यही कारण है कि वे नशामुक्त होने की तारीख को अपनी पुनर्जन्म तिथि के रूप में मनाते हैं। जतिन ने 11 अगस्त को अपनी चौथी पुनर्जन्म तिथि मनाई।

जतिन का कहना है कि युवाओं को नशे से बाहर निकालने के लिए वह अपने जीवन के अनुभव साझा करते हैं और बताते हैं कि किस तरह नशे ने उनकी जिंदगी और सपनों को प्रभावित किया।

नशे ने छीनी चित्रकारी, अब मिली नई दिशा

दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद जतिन को चित्रकला का शौक था और वह चित्रकारी किया करते थे। लेकिन नशे की लत ने उनसे यह कला भी छीन ली। अब उन्होंने नशे के खिलाफ लड़ाई को ही अपनी जिंदगी की नई दिशा बना लिया है।

मंडी के अलावा हमीरपुर और बिलासपुर के युवा भी उनके अभियान से जुड़ रहे हैं। आने वाले दिनों में पुलिस की मदद से अन्य क्षेत्रों में भी नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी है।

नशा निवारण केंद्र को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी की पड़ताल

मंडी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर के अनुसार नागचला में शुरू होने वाले नशा निवारण केंद्र के भवन का निरीक्षण किया गया है। अन्य जरूरी पड़ताल के बाद इस संबंध में रिपोर्ट स्टेट मेंटल हेल्थ अथॉरिटी, शिमला को भेज दी गई है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें