मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। ग्राम पंचायत बहरी में खेत में घास काटने गई एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मधुमक्खियों के हमले से मौत हो गई। इस हमले में महिला को बचाने आए चार अन्य ग्रामीण भी बुरी तरह घायल हुए हैं।
खेत में काम के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, बहरी गांव की निवासी मलका देवी (75), पत्नी भादर सिंह, शुक्रवार को अपने खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक झुंड ने उन पर धावा बोल दिया।
बुजुर्ग महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन गुस्साई मधुमक्खियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुल 5 लोग घायल हो गए।
उपचार के दौरान मौत
सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल धर्मपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की स्थिति सामान्य देखते हुए उन्हें छुट्टी दे दी गई, लेकिन मलका देवी और एक अन्य व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें AIIMS बिलासपुर रैफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, एम्स में उपचार के दौरान मलका देवी ने दम तोड़ दिया।
प्रशासन ने दी फौरी राहत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार धर्मपुर प्रवीण शर्मा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और प्रशासन की ओर से 25,000 रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की। इस दुखद घटना के बाद पूरे बहरी गांव में शोक की लहर है।