मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कुल्लू अस्पताल में शर्मसार हुई इंसानियत: ट्रामा सेंटर में ढाई घंटे तड़पते रहे घायल, इलाज में देरी से एक महिला की मौत

सार

लगघाटी के जोखू नाला के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने जहां दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, वहीं क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के ट्रामा सेंटर की बदइंतजामी ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की कलई खोलकर रख दी है।

अपडेट: 3 मिनट
कुल्लू अस्पताल में शर्मसार हुई इंसानियत: ट्रामा सेंटर में ढाई घंटे तड़पते रहे घायल, इलाज में देरी से एक महिला की मौत

कुल्लू।

लगघाटी के जोखू नाला के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने जहां दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, वहीं क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के ट्रामा सेंटर की बदइंतजामी ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की कलई खोलकर रख दी है।

हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे 10 घायलों को करीब ढाई घंटे तक सही ढंग से इलाज नहीं मिल पाया। घायल दर्द से तड़पते रहे और इस लापरवाही व अव्यवस्था के बीच एक घायल महिला ने दम तोड़ दिया।

एक डॉक्टर के भरोसे ट्रामा सेंटर, 200 मीटर दूर से ढाई घंटे बाद पहुंची टीम

वीरवार दोपहर करीब एक बजे बेधार निवासी एक टाटा सूमो में सवार होकर ऊझी घाटी के शिरढ़ गांव में आयोजित 'काहिका मेले' में भाग लेने जा रहे थे। तभी जोखू नाला के पास जीप अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया।

लेकिन, आपातकालीन स्थिति के बावजूद ट्रामा सेंटर में महज एक ही चिकित्सक मौजूद था। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को तुरंत सूचना दी गई।

हैरान करने वाली बात यह है कि डॉक्टरों का आवास (रेजिडेंस) अस्पताल से महज 150 से 200 मीटर की दूरी पर है, इसके बावजूद डॉक्टरों की टीम दोपहर 3:30 बजे के बाद मौके पर पहुंची। तब तक घायल बिना उचित इलाज के दर्द से कराहते रहे।

स्ट्रेचर तक नसीब नहीं हुए, स्वयंसेवियों ने संभाला मोर्चा

अस्पताल प्रशासन की संवेदनहीनता यहीं नहीं रुकी; आपातकाल के समय ट्रामा ओपीडी में घायलों को एंबुलेंस से अंदर लाने के लिए स्ट्रेचर तक की कमी खल गई। स्ट्रेचर न होने के कारण गंभीर रूप से घायल मरीजों को एंबुलेंस के भीतर ही इंतजार करना पड़ा।

इस संकट की घड़ी में अस्पताल प्रशासन के बजाय सामाजिक संस्थाओं ने मोर्चा संभाला। कार सेवा दल, मल्ला साथी ट्रस्ट और अन्नपूर्णा के स्वयंसेवियों ने देवदूत बनकर घायलों की मदद की। उन्होंने मरीजों को एंबुलेंस से बाहर निकाला और अपने स्तर पर ट्रामा की माइनर ओटी, एक्स-रे और सीटी स्कैन लैब तक पहुंचाया।

हादसे में सास-बहू की मौत, एक ही परिवार के कई लोग हताहत

इस दिल दहला देने वाले हादसे ने शिरढ़ मेले में जा रहे एक ही परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे में सास कली देवी और उनकी छोटी बहू मैना देवी की मौत हो गई है, जबकि बड़ी बहू प्रोमिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।

इसके अलावा, एक अन्य परिवार के भी चार सदस्य इस हादसे का शिकार हुए हैं। इनमें से तारा और उनके मासूम बेटे आयांश की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर (AIIMS Bilaspur) रेफर किया गया है, जबकि सवित्रा और उनकी बेटी अंजू का इलाज कुल्लू अस्पताल में चल रहा है।

मृतका मैना देवी के पति देवी सिंह ने रोते हुए कहा, परिजन खुशी-खुशी मेला देखने निकले थे, लेकिन घर से महज 4-5 किलोमीटर दूर ही हादसे ने सब कुछ छीन लिया।

प्रशासन ने दी फौरी राहत, उपायुक्त ने लिया जायजा

हादसे की सूचना मिलते ही उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा और एएसपी संजीव चौहान क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। उपायुक्त ने बताया कि गाड़ी में 10 महिलाएं और एक बच्चे समेत चालक सवार थे। उन्होंने डॉक्टरों को सभी घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।

इस खबर को शेयर करें