मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

किन्नौर में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम: यूनिवर्सल कार्टन कांग्रेस सरकार की देन, छोटे बागवानों को मिलेगा लाभ—जगत सिंह नेगी

सार

किन्नौर के रिकांगपिओ में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि यूनिवर्सल कार्टन लागू कर छोटे और सीमांत बागवानों को व्यापारियों के शोषण से बचाया गया है। उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, प्राकृतिक खेती, आपदा राहत और शिक्षा सुधारों की भी जानकारी दी।

2 मिनट
किन्नौर में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम: यूनिवर्सल कार्टन कांग्रेस सरकार की देन, छोटे बागवानों को मिलेगा लाभ—जगत सिंह नेगी

राजस्व मंत्री ने रिकांगपिओ में जन समस्याएं सुनीं, कहा- टेलीस्कोपिक कार्टन हटाकर छोटे और सीमांत बागवानों को शोषण से दिलाई राहत

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने शनिवार को महात्मा गांधी पार्क, रिकांगपिओ में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं को घर-द्वार तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन योजना बहाल कर करीब 1.36 लाख कर्मचारियों को लाभ पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि वन अधिकार अधिनियम और अन्य जनहितैषी कानूनों के माध्यम से भूमिहीन एवं वंचित वर्गों को मालिकाना हक और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण मिला है। सरकार दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने टेलीस्कोपिक कार्टन व्यवस्था समाप्त कर यूनिवर्सल कार्टन लागू किया, जिससे छोटे और सीमांत बागवानों को व्यापारियों के शोषण से राहत मिली है।

उन्होंने कहा कि टेलीस्कोपिक कार्टन से अधिक लाभ व्यापारियों को हो रहा था, जबकि यूनिवर्सल कार्टन व्यवस्था से बागवानों के हित सुरक्षित हुए हैं। उन्होंने आपदा राहत मैन्युअल में किए गए संशोधनों, सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई और नशा मुक्त हिमाचल अभियान की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की ओर से मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों की नि:शुल्क जांच, उपचार और दवाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

facebook

इस खबर के विषय

  • सरकार गांव के द्वार
  • जगत सिंह नेगी
  • जनजातीय विकास
  • सीमांत बागवान
  • यूनिवर्सल कार्टन
  • पारदर्शी प्रशासन
  • जनहितैषी कानून
  • बागवानी

इस खबर को शेयर करें