मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

किन्नौर के नामगिया डाकघर में फर्जी 10वीं की मार्क्सशीट से नौकरी का मामला, CBI ने दर्ज की FIR

सार

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के नामगिया शाखा डाकघर में फर्जी 10वीं की मार्क्सशीट के आधार पर नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। सीबीआई ने एक व्यक्ति समेत कई अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर संभावित फर्जी भर्ती रैकेट की जांच शुरू कर दी है।

3 मिनट
किन्नौर के नामगिया डाकघर में फर्जी 10वीं की मार्क्सशीट से नौकरी का मामला, CBI ने दर्ज की FIR

तमिलनाडु बोर्ड के नाम पर पेश किया गया प्रमाणपत्र जांच में फर्जी निकला, सीबीआई को सरकारी नौकरियां दिलाने वाले संभावित रैकेट का संदेह।

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के नामगिया शाखा डाकघर में फर्जी 10वीं की मार्क्सशीट के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने एक व्यक्ति सहित कई अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एजेंसी को आशंका है कि फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के जरिए सरकारी नौकरियां दिलाने वाला एक संगठित रैकेट सक्रिय हो सकता है।

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

मामले की शुरुआत रामपुर डाक मंडल के अधीक्षक जोगिंदर सिंह चौधरी की शिकायत से हुई। शिकायत मिलने के बाद जांच की जिम्मेदारी सीबीआई के निरीक्षक रविंद्र कुमार को सौंपी गई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई।

फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर मिली थी नियुक्ति

एफआईआर के अनुसार, बिहार के सीतामढ़ी जिले के सुरसंड निवासी सुजीत कुमार ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती के लिए 10वीं की मार्क्सशीट प्रस्तुत की थी। यह प्रमाणपत्र तमिलनाडु राज्य स्कूल परीक्षा बोर्ड द्वारा 10 जून 2017 को जारी दिखाया गया था।

इसी दस्तावेज के आधार पर सुजीत कुमार को 14 अगस्त 2021 को किन्नौर के नामगिया शाखा डाकघर में शाखा डाकपाल (Branch Postmaster) के पद पर नियुक्त किया गया।

तमिलनाडु बोर्ड ने बताया फर्जी

डाक विभाग ने नियुक्ति के बाद प्रमाणपत्र का सत्यापन तमिलनाडु के सरकारी परीक्षा निदेशालय, चेन्नई से कराया। जांच में राज्य स्कूल परीक्षा बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कार्मिक) ने स्पष्ट किया कि संबंधित प्रमाणपत्र उनके रिकॉर्ड में मौजूद नहीं है और विभाग ने ऐसा कोई प्रमाणपत्र कभी जारी ही नहीं किया।

सत्यापन रिपोर्ट के बाद पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

सरकारी खजाने से मिला ₹1.31 लाख वेतन

सुजीत कुमार 14 अगस्त 2021 से 19 मई 2022 तक शाखा डाकपाल के पद पर कार्यरत रहा। इस दौरान उसने वेतन और भत्तों के रूप में सरकारी खजाने से 1,31,038 रुपये प्राप्त किए।

फर्जी दस्तावेज सामने आने के बाद डाक विभाग ने 19 मई 2022 को उसकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दीं।

CBI को रैकेट का संदेह

सीबीआई ने एफआईआर में सुजीत कुमार के अलावा कई अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया है। प्रारंभिक जांच में एजेंसी को संदेह है कि पैसों के बदले फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्र तैयार कर सरकारी नौकरियां दिलाने वाला एक संगठित सिंडिकेट सक्रिय हो सकता है।

सीबीआई के पुलिस अधीक्षक राजेश चहल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा और जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका भी सामने लाई जाएगी।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

हिमाचल प्रदेश में फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के कई मामले सामने आ चुके हैं।

  • जनवरी 2023: सरकाघाट के एक युवक ने फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर ग्रामीण डाक सेवक की नौकरी हासिल की थी।

  • अगस्त 2023: शिमला डाक मंडल में 10वीं के फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्त नौ ग्रामीण डाक सेवकों को सेवा से बर्खास्त किया गया।

  • अप्रैल 2025: शाखा पोस्ट मास्टर, सहायक शाखा पोस्ट मास्टर और ग्रामीण डाक सेवक के पद फर्जी 10वीं के प्रमाणपत्रों के आधार पर हासिल करने के आरोप में राजस्थान, हरियाणा और बिहार के तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

facebook

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें