मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कांगड़ा में 304 कॉमन सर्विस सेंटर से घर-द्वार पर मिल रहीं डिजिटल सेवाएं

सार

कांगड़ा जिले में 304 कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी और डिजिटल सेवाएं नजदीक उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इन केंद्रों की स्थापना और संबंधित गतिविधियों पर अब तक 14.89 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। सीएससी के जरिए स्थानीय युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।

TV Incharge

4 मिनट
कांगड़ा में 304 कॉमन सर्विस सेंटर से घर-द्वार पर मिल रहीं डिजिटल सेवाएं

सीएससी पर अब तक 14.89 करोड़ रुपये खर्च, 170 से अधिक डिजिटल सेवाओं की सुविधा; स्थानीय युवाओं को मिल रहा स्वरोजगार

ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं और ई-गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) नेटवर्क के बीच समन्वय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इसका उद्देश्य ग्रामीण लोगों को विभिन्न सरकारी और डिजिटल सेवाएं उनके नजदीकी क्षेत्र में उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए शहरों या दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों में न जाना पड़े।

आरजीएसए के तहत ग्राम पंचायत भवनों में को-लोकेटेड सीएससी स्थापित किए जा रहे हैं। इन पंचायत भवनों को स्थानीय स्तर पर डिजिटल सेवा वितरण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके।

कांगड़ा में 304 सीएससी, 14.89 करोड़ रुपये खर्च

जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर के अनुसार, कांगड़ा जिले में वर्तमान में 304 कॉमन सर्विस सेंटर कार्यरत हैं। इनकी स्थापना और संबंधित गतिविधियों पर अब तक 14 करोड़ 89 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों की सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है और समय के साथ आने-जाने के खर्च में भी कमी आई है।

ग्राम पंचायत भवनों में स्थापित सीएससी को सिंगल विंडो सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से 170 से अधिक डिजिटल और ई-गवर्नेंस सेवाएं उपलब्ध करवाने की व्यवस्था है।

इनमें आधार नामांकन और बायोमेट्रिक अपडेट, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं, डिजी-पे के माध्यम से नकद निकासी, ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं तथा जन्म, मृत्यु, आय और जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित सेवाएं शामिल हैं।

पंचायत स्तर पर मजबूत किया जा रहा डिजिटल ढांचा

सीएससी के जरिए ग्रामीणों तक डिजिटल सेवाएं पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध आधारभूत ढांचे का उपयोग किया जा रहा है। पंचायत भवनों में केंद्रों के लिए स्थान उपलब्ध करवाने के साथ बिजली, इंटरनेट कनेक्टिविटी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

जिन क्षेत्रों में पंचायत भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां इनके निर्माण के लिए आरजीएसए के तहत सहायता का प्रावधान भी किया गया है। इसके अलावा, योजना के अंतर्गत वीएलई, पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित कर्मचारियों को डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन पोर्टल, ई-गवर्नेंस प्रणालियों और नागरिक सेवा वितरण से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाता है।

स्थानीय युवाओं को मिल रहा स्वरोजगार

सीएससी के संचालन में वीएलई यानी विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ये स्थानीय स्तर पर नागरिकों को ऑनलाइन और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करवाते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार तथा माइक्रो-एंटरप्रेन्योरशिप के अवसर पैदा हो रहे हैं।

धर्मशाला के समीप बल्ला जदरांगल में सीएससी संचालित कर रहे स्नातक मनोज कुमार और चैतड़ू में केंद्र चलाने वाले सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक एवं एमबीए साहिल ने बताया कि सरकार की इस पहल से उन्हें घर के समीप स्वरोजगार का अवसर मिला है। वे अपने क्षेत्र के लोगों को विभिन्न डिजिटल और सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाकर उनकी सुविधा के साथ अपनी आजीविका भी सुनिश्चित कर रहे हैं।

ग्रामीणों को समय और यात्रा खर्च से राहत

बल्ला जदरांगल की ग्रामीण रूचि और सीमा तथा चैतड़ू की पलक ने बताया कि गांव के समीप सीएससी की सुविधा मिलने से उन्हें सरकारी सेवाओं और दस्तावेजों से संबंधित कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। इससे उनके समय और आने-जाने के खर्च की बचत हो रही है तथा कई सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।

पंचायत मुख्यालयों में केंद्र स्थापित करने पर जोर

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि कांगड़ा जिले में लगभग 304 कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों का संचालन ग्रामीण स्तर पर स्थानीय लोगों के माध्यम से किया जा रहा है और इनके जरिए सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा जनहित से जुड़ी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि समय की आवश्यकता को देखते हुए इन केंद्रों को धीरे-धीरे पंचायत मुख्यालयों में स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके तहत आरजीएसए योजना के अंतर्गत कई स्थानों का चयन किया गया है और प्रक्रिया जारी है।

उपायुक्त के अनुसार, सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को सेवाएं उनके घर-द्वार के नजदीक उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला और अन्य सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न काटने पड़ें। स्थानीय स्तर पर सेवाएं मिलने से लोगों के समय की बचत होगी और उन्हें सुविधाजनक तरीके से सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • डिजिटल सेवाएं
  • ई-गवर्नेंस
  • कॉमन सर्विस सेंटर
  • ग्राम पंचायत
  • स्वरोजगार
  • सरकारी सेवाएं

इस खबर को शेयर करें