कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने किया तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ, कबड्डी, वॉलीबॉल, चेस, बैडमिंटन और खो-खो में प्रतिभा दिखाएंगी छात्राएं
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमाड़ की ओर से आयोजित ज्वाली जोन की अंडर-19 छात्राओं की तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने किया। प्रतियोगिताएं 6 से 8 सितंबर तक आयोजित की जा रही हैं। इनमें ज्वाली जोन के 28 विद्यालयों की 258 छात्राएं विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राएं कबड्डी, वॉलीबॉल, चेस, बैडमिंटन और खो-खो में हिस्सा लेंगी। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं फिट विद्यार्थी ही जीवन में सफलता की ओर आगे बढ़ सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों का नियमित रूप से किसी न किसी खेल गतिविधि में भाग लेना जरूरी है।
प्रो. चन्द्र कुमार ने शिक्षकों से आह्वान किया कि विद्यार्थियों को केवल वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं से कुछ दिन पहले ही अभ्यास न करवाया जाए, बल्कि पूरे वर्ष स्कूलों में नियमित खेल गतिविधियां आयोजित की जाएं। इससे बच्चों में खेलों के प्रति रुचि विकसित होगी और उनकी शारीरिक क्षमता के साथ खेल प्रतिभा में भी निरंतर सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी पैदा करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और लगन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा जीत-हार की चिंता किए बिना अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
शिक्षा और खेलों के लिए आधुनिक सुविधाओं पर जोर
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्कूलों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा और खेलों पर भी विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश के चयनित विद्यालयों को सीबीएसई पाठ्यक्रम से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा और खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य, शिक्षकों और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों के लिए उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
वहीं, विद्यालय प्रशासन की ओर से कुश्ती मैट की मांग रखे जाने पर कृषि मंत्री ने स्कूल प्रशासन को इसका एस्टीमेट तैयार कर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
इससे पहले विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुरिंदर कुमार और स्टाफ ने मुख्यातिथि प्रो. चन्द्र कुमार को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube