नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। साउथ कैंपस थाना क्षेत्र के सत्य निकेतन इलाके में दोपहर करीब 1:30 बजे एक तीन मंजिला बिल्डिंग अचानक भरभराकर ढह गई।
हादसा होते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस इमारत में लड़कों का पीजी (हॉस्टल) चल रहा था और हादसे के वक्त इसके मलबे में करीब आठ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की भनक लगते ही स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई शुरू की।
राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए स्थानीय लोग भी पुलिस और दमकलकर्मियों के साथ हाथ बंटा रहे हैं। मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें लगातार जारी हैं।
फिलहाल, प्रशासनिक स्तर पर किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। राहत-बचाव दल मलबे को सावधानीपूर्वक हटाने में जुटा है ताकि अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके। शुरुआती जांच में हादसे की वजह बारिश के कारण इमारत के कमजोर होने को माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।