मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

'इसलिए चुनाव से भाग रही थी कांग्रेस', जयराम बोले- सुक्खू की हालत ममता बनर्जी जैसी; नतीजों के बाद भाजपा का जश्न

सार

हिमाचल प्रदेश स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों के बाद प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है।

अपडेट: 3 मिनट
'इसलिए चुनाव से भाग रही थी कांग्रेस', जयराम बोले- सुक्खू की हालत ममता बनर्जी जैसी; नतीजों के बाद भाजपा का जश्न

शिमला।

हिमाचल प्रदेश स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों के बाद प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इन चुनावों में भारतीय पाना पार्टी (भाजपा) समर्थित उम्मीदवारों की प्रचंड जीत का दावा करते हुए प्रदेश की जनता का आभार जताया है।

शिमला स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय "दीप कमल" में आयोजित विजय उत्सव के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाते हुए जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह परिणाम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की नाकामी, भ्रष्टाचार, अराजकता और माफिया राज पर जनता का करारा प्रहार है।

"मुख्यमंत्री झूठे हैं, उनके खुद के मंत्री उन पर भरोसा नहीं करते"

जयराम ठाकुर ने सरकार की कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश की जागरूक जनता कांग्रेस के झूठे वादों, जनविरोधी फैसलों और कुशासन से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।

राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, माफिया तत्वों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है और भ्रष्टाचार ने पूरे सिस्टम को खोखला कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तीखा तंज कसते हुए कहा, "मुख्यमंत्री इतने झूठे हैं कि अब उनके खुद के मंत्री ही उन पर भरोसा नहीं करते हैं।

वह पहले से ही इन नतीजों से वाकिफ थे, इसलिए चुनाव कराने से कतरा रहे थे। अब जब परिणाम सामने आ गए हैं, तो वह विचलित हैं और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तरह बातें कर रहे हैं। उन्हें जनता का यह जनादेश स्वीकार करना चाहिए।"

न्यायालय के आदेश के बाद चुनाव कराने को मजबूर हुई सरकार

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार को अपनी करारी हार का अंदाजा पहले से ही था। यही मुख्य वजह थी कि सुक्खू सरकार लगातार स्थानीय निकाय चुनावों को टालने और इससे भागने की कोशिश कर रही थी।

अंततः माननीय न्यायालय के कड़े हस्तक्षेप और आदेश के बाद ही सरकार को मजबूरन मतदान करवाना पड़ा। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह जीत केवल भाजपा की चुनावी सफलता नहीं है, बल्कि यह कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता के भीतर पनप रहे गहरे जनाक्रोश का जीता-जागता प्रतीक है। जनता ने मुख्यमंत्री के झूठ, भ्रम और केवल प्रचार वाली राजनीति को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

भाजपा मुख्यालय में उमड़ा दिग्गजों का हुजूम

जयराम ठाकुर ने इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय जमीनी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत को देते हुए सभी पदाधिकारियों और समर्थकों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश में होने वाले अन्य चुनावों में भी जनता भाजपा को इसी तरह का भारी समर्थन देगी और कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

इस विजय उत्सव और जश्न के मौके पर जयराम ठाकुर के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमल सूद, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा, प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा और शिमला जिला अध्यक्ष केशव चौहान सहित भारी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी और जोश से भरे कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस खबर को शेयर करें