मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

HRTC चालकों-परिचालकों का आर-पार का एलान: 1 तारीख को सैलरी नहीं तो 2 से थमेंगे बसों के पहिये, ₹150 करोड़ का नाइट ओवरटाइम भी फंसा

सार

हिमाचल प्रदेश की लाइफलाइन कही जाने वाली हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक-परिचालक यूनियन ने एक बार फिर सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है।

3 मिनट
HRTC चालकों-परिचालकों का आर-पार का एलान: 1 तारीख को सैलरी नहीं तो 2 से थमेंगे बसों के पहिये, ₹150 करोड़ का नाइट ओवरटाइम भी फंसा

शिमला।

हिमाचल प्रदेश की लाइफलाइन कही जाने वाली हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक-परिचालक यूनियन ने एक बार फिर सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है।

वित्तीय मांगों पर लंबे समय से सहमति न बनने के बाद यूनियन ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि पहली तारीख को कर्मचारियों के खातों में वेतन (सैलरी) नहीं आया, तो 2 तारीख से पूरे प्रदेश में सरकारी बसों के पहिये पूरी तरह जाम कर दिए जाएंगे। शनिवार को शिमला में प्रबंधन के साथ हुई यूनियन की हाई-लेवल बैठक पूरी तरह विफल रहने के बाद यह कड़ा फैसला लिया गया है।

चालक-परिचालक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने शिमला में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान 'वेतन नहीं तो काम नहीं' का नारा बुलंद किया। उन्होंने बताया कि यूनियन ने बीती 13 तारीख को ही सरकार और निगम प्रबंधन को आंदोलन का लिखित नोटिस थमा दिया था।

उन्होंने साफ किया कि अगर पहली तारीख को कर्मचारियों की सैलरी आ जाती है तो ठीक है, अन्यथा 2 तारीख से पूरे हिमाचल प्रदेश में 'चक्का जाम' कर दिया जाएगा। यूनियन ने HRTC प्रशासन को आगाह किया है कि अगर सैलरी जारी नहीं होती है, तो एडवांस टिकटों की बुकिंग तुरंत रोक दी जाए;

यदि इसके बाद भी बुकिंग की जाती है और जनता परेशान होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।

सैलरी के अलावा कर्मचारियों के करोड़ों रुपये के लंबित वित्तीय देयताओं (Dues) को लेकर भी यूनियन ने प्रबंधन को एक और नया नोटिस सौंपते हुए 24 तारीख तक का अल्टीमेटम दिया है।

यूनियन के अनुसार, चालकों और परिचालकों का पिछले लंबे समय से करीब 150 करोड़ रुपये का नाइट ओवरटाइम (Night Overtime) और करोड़ों का एरियर फंसा हुआ है। इसके अतिरिक्त, कर्मचारियों के मेडिकल रीइंबर्समेंट (चिकित्सा प्रतिपूर्ति) के करीब 20 करोड़ रुपये भी आज तक जारी नहीं किए गए हैं।

अध्यक्ष ने रोष जताते हुए कहा कि प्रदेश के अन्य सभी सरकारी कर्मचारियों को ₹50,000 की एरियर किस्त मिल चुकी है, लेकिन दिन-रात सेवाएं देने वाले HRTC कर्मियों को इससे महरूम रखा गया है।

हालांकि, शनिवार को हुई बैठक में कुछ छोटी और प्रशासनिक मांगों पर सहमति जरूर बनी है, जिसके लिए यूनियन अध्यक्ष ने प्रबंधन का धन्यवाद भी किया। प्रबंधन ने चालकों द्वारा 'परना' इस्तेमाल न करने के तुगलकी आदेश को वापस ले लिया है।

साथ ही, कर्मचारियों की प्रमोशन (पदोन्नति), नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और रिकवरी से जुड़ी मांगों को भी स्वीकार कर लिया गया है। लेकिन, जैसे ही बात 170 करोड़ से अधिक के भारी-भरकम वित्तीय बकायों और ओवरटाइम पर आई, तो प्रबंधन ने बजट की तंगी का हवाला देते हुए अपने हाथ खड़े कर दिए, जिससे वार्ता बेनतीजा समाप्त हो गई।

यूनियन अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने गहरा दुख और रोष जताते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में सभी विभागों के कर्मचारियों को समय पर वेतन और भत्ते मिल जाते हैं, लेकिन जनता को गंतव्य तक पहुंचाने वाले HRTC के कर्मियों को हमेशा अपने हक के वेतन के लिए तरसना पड़ता है और हर महीने आंदोलन की राह पकड़नी पड़ती है।

उन्होंने सुक्खू सरकार और निगम प्रबंधन से गुहार लगाई है कि स्थिति की गंभीरता और जनता की सहूलियत को समझा जाए। यदि 24 तारीख तक ओवरटाइम और एरियर का भुगतान नहीं हुआ और पहली तारीख को सैलरी नहीं मिली, तो हिमाचल में परिवहन व्यवस्था पूरी तरह ठप होना तय है।

इस खबर को शेयर करें