मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

एचआरटीसी कर्मचारियों को एस्मा से डराने की जरूरत नहीं, वेतन समय पर न मिला तो होगा आंदोलन: मान सिंह ठाकुर

सार

हिप्र चालक एवं परिचालक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने हमीरपुर में कहा कि एचआरटीसी कर्मचारियों को एस्मा का डर दिखाना बंद किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिला तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

2 मिनट
एचआरटीसी कर्मचारियों को एस्मा से डराने की जरूरत नहीं, वेतन समय पर न मिला तो होगा आंदोलन: मान सिंह ठाकुर

हमीरपुर बस अड्डे पर चालक-परिचालकों ने किया स्वागत, सरकार से कर्मचारियों की मांगें जल्द पूरी करने की अपील

हिमाचल प्रदेश चालक एवं परिचालक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ठाकोर का हमीरपुर बस अड्डे पहुंचने पर एचआरटीसी के चालक और परिचालकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन को कर्मचारियों की मांगों को लेकर चेतावनी दी।

मान सिंह ठाकुर ने कहा कि निगम कर्मचारियों को परेशान करने का काम बंद किया जाए और एस्मा (Essential Services Maintenance Act) का डर दिखाकर कर्मचारियों को दबाने का प्रयास न किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने अधिकारों और मांगों को लेकर पूरी तरह एकजुट हैं।

समय पर वेतन नहीं मिला तो होगा आंदोलन

मान सिंह ठाकुर ने बताया कि हाल ही में सरकार के साथ कर्मचारियों की मांगों को लेकर वार्ता हुई थी, जिसमें सरकार ने कई मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है।

उन्होंने कहा कि यदि हर माह की पहली तारीख को एचआरटीसी कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिला तो संगठन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

उन्होंने कहा कि उनका तबादला किया गया है, लेकिन इससे कर्मचारी पीछे नहीं हटे हैं। उन्होंने बताया कि शिमला, बिलासपुर और हमीरपुर बस अड्डों पर कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया है।

तबादले से ज्यादा जरूरी कर्मचारियों की सुविधाएं

मान सिंह ठाकुर ने कहा कि उनका तबादला कहीं भी किया जाए, लेकिन कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रबंधन से मांग की कि कर्मचारियों को सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाई जाएं।

उन्होंने कहा कि एस्मा का डर बार-बार दिखाने से कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं हैं। यदि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन दोबारा आंदोलन करेगा।

इलेक्ट्रिक बसों से बेहतर होगी परिवहन व्यवस्था

मान सिंह ठाकुर ने प्रदेश में सरकारी बसों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बसों की कमी के कारण जनता को बेहतर परिवहन सुविधा नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के आने से यात्रियों को राहत मिलेगी और परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने एचआरटीसी चालकों का बचाव करते हुए कहा कि चालक सामान्य प्रक्रिया से नहीं चुने जाते, बल्कि कई चरणों की परीक्षा और प्रशिक्षण के बाद जिम्मेदारी संभालते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि निगम के पास अच्छी बसें उपलब्ध होंगी तो चालक और परिचालक बेहतर सेवाएं देने में सक्षम होंगे।

follow us on facebook


subscribe to us on youtube


इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें