ट्रैक मी, SOS पैनिक बटन और साइलेंट इमरजेंसी अलर्ट जैसे फीचर देंगे डिजिटल सुरक्षा कवच; आपात स्थिति में पुलिस और परिजनों तक पहुंचेगी लाइव लोकेशन
हिमाचल प्रदेश में पर्यटन सीजन के दौरान सोलो महिला पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष पहल की है। हिमाचल पुलिस ने अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं, छात्राओं और पर्यटकों को 112 इंडिया एप का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
पुलिस के अनुसार, यह आधुनिक तकनीक आधारित एप आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ यात्रा के दौरान सुरक्षा की अतिरिक्त परत प्रदान करता है। हिमाचल के दूरदराज और पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर लंबे सफर, सुनसान सड़कों और सीमित मोबाइल नेटवर्क जैसी परिस्थितियों में यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
ट्रैक मी फीचर रखेगा यात्रा पर नजर
पुलिस ने अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं से अपील की है कि वे सफर शुरू करने से पहले एप में ट्रैक मी फीचर को सक्रिय करें। इसमें यात्रा की अनुमानित अवधि तय की जा सकती है।
यदि निर्धारित समय के भीतर यात्रा पूरी नहीं होती है तो आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली अलर्ट जारी कर सकती है। इसके बाद पुलिस लोकेशन के आधार पर यात्री से संपर्क कर जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता भेज सकती है।
SOS बटन दबाते ही पुलिस तक पहुंचेगी लोकेशन
112 इंडिया एप में मौजूद SOS पैनिक बटन आपात स्थिति में बेहद महत्वपूर्ण है। इसे सक्रिय करते ही महिला की लाइव GPS लोकेशन राज्य आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र और नजदीकी पुलिस नियंत्रण कक्ष तक पहुंच सकती है।
इससे अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर डायल करने की जरूरत नहीं पड़ती और पुलिस को लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद सहायता के लिए कार्रवाई करने में आसानी होती है।
शाउट और साइलेंट अलर्ट भी मौजूद
एप के शाउट फीचर को सक्रिय करने पर पुलिस के साथ-साथ आसपास मौजूद पंजीकृत स्वयंसेवकों तक भी अलर्ट पहुंच सकता है। ऐसे में पुलिस के पहुंचने से पहले नजदीकी व्यक्ति भी जरूरतमंद महिला की मदद के लिए आगे आ सकता है।
वहीं, साइलेंट इमरजेंसी अलर्ट के जरिए बिना आवाज किए भी पुलिस तक SOS संदेश और सटीक लोकेशन भेजी जा सकती है।
परिजनों को भी मिल सकती है लोकेशन
112 इंडिया एप में परिवार या दोस्तों के मोबाइल नंबर दर्ज करने की सुविधा भी है। SOS अलर्ट सक्रिय होने पर संबंधित परिजनों को भी लोकेशन लिंक प्राप्त हो सकता है। इसके अलावा एप के जरिए एंबुलेंस, अग्निशमन सेवा और अन्य आपदा प्रबंधन सेवाओं तक भी मदद के लिए पहुंच बनाई जा सकती है।
DGP अशोक तिवारी ने की अपील
हिमाचल पुलिस के डीजीपी अशोक तिवारी ने सोलो महिला ट्रैवलर, छात्राओं और पर्यटकों से अपील की है कि हिमाचल की यात्रा के दौरान 112 इंडिया एप का इस्तेमाल जरूर करें।
उन्होंने कहा कि यह एप आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ परिजनों को भी तत्काल जानकारी देने में मदद करता है और सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत प्रदान करता है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube