मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, युवाओं से पैसे लेकर सेना में चयन कराने का कर रहे थे दावा
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान युवाओं से ठगी करने के आरोप में मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस की संयुक्त टीम ने दो कथित दलालों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों युवक अभ्यर्थियों को सेना में भर्ती करवाने और चयन कराने का झांसा देकर उनसे पैसे लेने की कोशिश कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, खुफिया एजेंसियों को सूचना मिली थी कि धर्मशाला में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के आसपास कुछ संदिग्ध लोग सक्रिय हैं। ये लोग भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों को अपने जाल में फंसाकर फर्जी तरीके से सेना में भर्ती करवाने का लालच दे रहे थे।
सूचना मिलने के बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम ने योजना बनाकर दोनों संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
करनाल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन (27) पुत्र बलवान सिंह निवासी गांव पिछोलिया, पोस्ट जुंडला, करनाल, हरियाणा और शुभम (30) पुत्र रमेश निवासी गांव अपराना, पोस्ट मुनक, करनाल, हरियाणा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अग्निवीर भर्ती में शामिल होने पहुंचे युवाओं को अपने झांसे में लेकर उनसे पैसे ऐंठने का प्रयास कर रहे थे। आरोपी कथित तौर पर पैसे लेकर भर्ती में चयन करवाने का दावा कर रहे थे।
गिरोह में और कौन-कौन शामिल, जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों के साथ इस ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अब तक कितने अभ्यर्थियों को इस गिरोह ने अपना शिकार बनाया और उनसे कितनी रकम की ठगी की गई। मामले में पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
युवाओं से सावधान रहने की अपील
भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी व्यक्ति के पैसे लेकर सेना में चयन करवाने के दावे पर भरोसा न करने की अपील की गई है। सेना में भर्ती निर्धारित प्रक्रिया और योग्यता के आधार पर होती है। ऐसे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों को देने की सलाह दी गई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube