प्रशासनिक कार्यक्रमों के चलते बार-बार बदलना पड़ता है स्थान, बारिश में भीगा सामान; महिलाओं ने नियमित और सुरक्षित जगह उपलब्ध करवाने की उठाई मांग
नगर निगम मंडी के तहत संचालित सेल्फ हेल्प ग्रुपों की महिलाओं ने सेरी मंच पर स्टॉल लगाने में आ रही परेशानियों को लेकर प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है। समूहों की महिलाएं प्रत्येक शुक्रवार और शनिवार को सेरी मंच पर अपने उत्पादों के स्टॉल लगाती हैं, लेकिन इन्हीं दिनों प्रशासनिक कार्यक्रम होने के कारण मंच कई बार पहले से बुक रहता है।
ऐसे में महिलाओं को दूसरी जगह खुले में बैठकर अपने उत्पाद बेचने पड़ते हैं। इससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पहले सूचना देने की मांग
सेल्फ हेल्प ग्रुप की प्रतिनिधि संतोष सचदेवा ने बताया कि यदि सेरी मंच किसी प्रशासनिक या अन्य कार्यक्रम के लिए बुक है तो इसकी जानकारी उन्हें पहले से दी जानी चाहिए, ताकि महिलाएं उसी के अनुसार अपने स्टॉल और सामान की तैयारी कर सकें।
उन्होंने सुझाव दिया कि यदि शुक्रवार और शनिवार को सेरी मंच उपलब्ध नहीं हो पाता है तो अगले सप्ताह सेल्फ हेल्प ग्रुपों को अतिरिक्त दिन स्टॉल लगाने की अनुमति दी जाए।
बारिश में भीगा सामान, हुआ नुकसान
संतोष सचदेवा ने बताया कि शुक्रवार को भी प्रशासनिक कार्यक्रम के चलते उन्हें सेरी मंच के बजाय खुले स्थान पर बैठाया गया। रातभर हुई बारिश के कारण उनका सामान भीग गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
महिलाओं का कहना है कि खुले में स्टॉल लगाने के दौरान मौसम खराब होने पर उनके उत्पादों को सुरक्षित रखना मुश्किल हो जाता है।
सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि वे स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार कर अपने परिवार की आजीविका चला रही हैं। ऐसे में बार-बार स्टॉल की जगह बदलने और खुले में बैठने से उनकी बिक्री प्रभावित होती है।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए और उन्हें नियमित रूप से सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध करवाया जाए, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने उत्पाद बेच सकें।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube