मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में 16 जून से शुरू होगा जनगणना 2027 का पहला चरण, मोबाइल ऐप से दर्ज होगा डेटा

सार

हिमाचल प्रदेश में भारत की आगामी 'जनगणना 2027' के पहले चरण का शंखनाद होने जा रहा है।

3 मिनट
हिमाचल में 16 जून से शुरू होगा जनगणना 2027 का पहला चरण, मोबाइल ऐप से दर्ज होगा डेटा

शिमला।

हिमाचल प्रदेश में भारत की आगामी 'जनगणना 2027' के पहले चरण का शंखनाद होने जा रहा है। राज्य में इस महा-अभियान का प्रथम चरण 16 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

इस शुरुआती चरण के तहत प्रदेशभर में मकान सूचीकरण (House Listing Operations) और मकानों की विस्तृत गणना का कार्य किया जाएगा। जनगणना निदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई है।

भारत में हर 10 साल में होने वाली यह जनगणना देश की जनसंख्या, परिवारों की स्थिति, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य का सटीक खाका तैयार करती है, जिसकी गौरवशाली शुरुआत वर्ष 1872 में हुई थी।

HLO मोबाइल ऐप से डिजिटल एंट्री, नागरिकों को मिलेगी 'स्व-गणना' की सुविधा

इस बार की जनगणना पूरी तरह आधुनिक और डिजिटल रंग में रंगी नजर आएगी। पहली बार नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की विशेष सुविधा दी जा रही है। राज्य के नागरिक 1 जून 2026 से 15 2026 जून तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने परिवार की सही जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

फील्ड में तैनात रहने वाले प्रगणक (गणनाकार) डेटा जुटाने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए HLO (House Listing Operation) मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग करेंगे। इससे रियल-टाइम डेटा अपलोड होगा, जिससे कागजी औपचारिकताएं घटेंगी और गलतियों की गुंजाइश न के बराबर होगी।

20 हजार से ज्यादा प्रगणक संभालेंगे मोर्चा, पूछे जाएंगे 33 सवाल

हिमाचल प्रदेश के कोने-कोने से सटीक आंकड़े जुटाने के लिए वन विभाग और प्रशासन के सहयोग से लगभग 20,630 गणनाकारों और पर्यवेक्षकों की तैनाती की जा रही है। इन सभी फील्ड कर्मियों को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षित करने के लिए 1 जून से 12 जून 2026 तक विशेष ट्रेनिंग कैंप आयोजित किए जाएंगे।

इस पहले चरण के दौरान प्रत्येक आवास और परिवार की स्थिति को समझने के लिए कुल 33 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं। इन प्रश्नों में मोबाइल नंबर, आवासीय स्थिति, पेयजल, बिजली, शौचालय और परिवारों के पास उपलब्ध वित्तीय व भौतिक परिसंपत्तियों (Assets) से जुड़ी जानकारियां शामिल होंगी।

गोपनीयता की गारंटी: विकास योजनाओं के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे आंकड़े

जनगणना निदेशालय ने साफ किया है कि इस प्रक्रिया से प्राप्त होने वाले डेटा का उपयोग राज्य में भविष्य की विकास योजनाओं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली, पीएम आवास और डिजिटल कनेक्टिविटी के बेहतर क्रियान्वयन और केंद्रीय बजट व संसाधनों के उचित वितरण के लिए किया जाएगा।

हम समस्त प्रदेशवासियों से अपील करते हैं कि जब गणनाकार आपके घर आएं, तो उन्हें पूरी तरह सही और सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में अपना सहयोग दें। नागरिकों को घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जनगणना के दौरान प्राप्त की गई आपकी सभी व्यक्तिगत जानकारियां 'जनगणना अधिनियम 1948' के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी

और इसका इस्तेमाल सिर्फ सांख्यिकीय (Statistical) उद्देश्यों के लिए ही होगा।

इस खबर को शेयर करें