मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल पुलिस को मिले 137 'अनुभवी' जवान: सेना से रिटायरमेंट के बाद अब संभालेंगे खाकी की कमान, DGP ने दिलाई शपथ

सार

हिमाचल प्रदेश पुलिस के बेड़े में शुक्रवार को 137 नए प्रशिक्षित जवानों की महत्वपूर्ण एंट्री हुई है।

2 मिनट
हिमाचल पुलिस को मिले 137 'अनुभवी' जवान: सेना से रिटायरमेंट के बाद अब संभालेंगे खाकी की कमान, DGP ने दिलाई शपथ

ऊना

हिमाचल प्रदेश पुलिस के बेड़े में शुक्रवार को 137 नए प्रशिक्षित जवानों की महत्वपूर्ण एंट्री हुई है। प्रथम रिजर्व इंडिया बटालियन बनगढ़ में आयोजित एक भव्य दीक्षांत समारोह के दौरान, भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए इन जवानों ने पुलिस कांस्टेबल के रूप में कार्यभार संभाला।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जवानों ने शानदार मार्च पास्ट कर अपने अनुशासन और प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया, जिसकी सलामी डीजीपी ने ली। समादेशक डॉ. आकृति शर्मा की देखरेख में आयोजित इस समारोह में जवानों के जोश ने सबका मन मोह लिया।

सेना के अनुभव से मजबूत होगी कानून-व्यवस्था

समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि सेना में वर्षों तक देश की रक्षा करने वाले इन जवानों का पुलिस में शामिल होना विभाग के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यद्यपि सेना और पुलिस की कार्यशैली की परिस्थितियां भिन्न होती हैं, लेकिन दोनों का मूल लक्ष्य जनसेवा और सुरक्षा ही है। डीजीपी ने विश्वास जताया कि सेना का कठोर अनुशासन और अनुभव हिमाचल पुलिस को और अधिक पेशेवर बनाएगा, जिससे प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सेवा का संदेश

डीजीपी ने नए जवानों को हिमाचल प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के प्रति सचेत करते हुए संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने आह्वान किया कि पुलिस सेवा के दौरान जनता के प्रति मधुर व्यवहार और अपराधियों के प्रति सख्ती का संतुलन बनाए रखें।

जवानों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई कि वे देवभूमि की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। समारोह के दौरान पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इन नए जवानों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

इस खबर को शेयर करें