मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल की नई औद्योगिक नीति जल्द होगी लागू, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा: मुख्यमंत्री सुक्खू

सार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार नई औद्योगिक नीति को अंतिम रूप दे रही है, जिसे जल्द अधिसूचित किया जाएगा। नई नीति निवेश आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

3 मिनट
हिमाचल की नई औद्योगिक नीति जल्द होगी लागू, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा: मुख्यमंत्री सुक्खू

नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी से कारोबार करना होगा आसान, ऊना बल्क ड्रग पार्क और धर्मशाला यूनिटी मॉल परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश।

हिमाचल प्रदेश सरकार जल्द ही नई औद्योगिक नीति (Industrial Policy) लागू करने जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नई नीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है और इसे शीघ्र अधिसूचित किया जाएगा।

इसका उद्देश्य राज्य में निवेश आकर्षित करना, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (Ease of Doing Business) को और अधिक प्रभावी बनाना है।

मुख्यमंत्री बुधवार शाम उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं और नई नीति की प्रगति की समीक्षा की।

हितधारकों से परामर्श के बाद तैयार होगी नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति को अधिक व्यापक और उद्योग-अनुकूल बनाने के लिए सभी हितधारकों से सुझाव लिए जा रहे हैं। साथ ही निवेशकों को बेहतर सुविधा देने के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया सरल और तेज हो सके।

उन्होंने कहा कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत नियमों और प्रक्रियाओं को लगातार आसान बनाया जा रहा है। पिछले साढ़े तीन वर्षों में राज्य सरकार ने इस दिशा में कई नीतिगत और कानूनी सुधार किए हैं।

ऊना बल्क ड्रग पार्क में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने ऊना में विकसित हो रहे बल्क ड्रग पार्क की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परियोजना में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश की प्रमुख फार्मा कंपनियों को इस परियोजना में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि 2,071 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से प्रदेश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। अब तक करीब 800 बीघा भूमि का समतलीकरण किया जा चुका है और निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को 15 जुलाई तक कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) और स्टीम जनरेशन सुविधा का कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।

धर्मशाला यूनिटी मॉल का कार्य भी प्रगति पर

बैठक में धर्मशाला में निर्माणाधीन यूनिटी मॉल परियोजना की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए 66 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है और निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

'वन डिस्ट्रिक्ट, थ्री प्रोडक्ट्स' पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को 'वन डिस्ट्रिक्ट, थ्री प्रोडक्ट्स' कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले के प्रमुख उत्पादों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और लोगों के लिए नए आजीविका के अवसर पैदा होंगे।

बैठक में रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. नजीम, सचिव आशीष सिंहमार और अमरजीत सिंह, उद्योग निदेशक यूनुस, अतिरिक्त निदेशक तिलक राज शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Keywords:
Himachal Industrial Policy, Himachal Investment, Ease of Doing Business, Sukhvinder Singh Sukhu, Una Bulk Drug Park, Dharamshala Unity Mall, Himachal Government, Industrial Development, Himachal News, Bulk Drug Park, One District Three Products, Employment Himachal, Industry Policy 2026, Business Investment, HP Government News

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें