मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में बारिश का कहर जारी, 124 सड़कें बंद और 442 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित: सरकार अलर्ट

सार

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। 10 जुलाई सुबह तक प्रदेश में 124 सड़कें बंद, 442 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित और 19 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। सरकार ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

2 मिनट
हिमाचल में बारिश का कहर जारी, 124 सड़कें बंद और 442 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित: सरकार अलर्ट

नरेश चौहान ने लोगों और पर्यटकों से की सतर्क रहने की अपील, बोले- प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी तरह तैयार

हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में सड़क, बिजली और पेयजल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि 10 जुलाई सुबह 10 बजे तक प्रदेश में कुल 124 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 442 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर (DTR) प्रभावित होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है, जबकि 19 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

लगातार बारिश से बढ़ी प्रभावित क्षेत्रों की संख्या

नरेश चौहान ने बताया कि 9 जुलाई शाम तक प्रदेश में 75 सड़कें, 67 डीटीआर और 14 पेयजल योजनाएं प्रभावित थीं। लेकिन 10 जुलाई सुबह तक बारिश के कारण स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई तथा प्रभावित सड़कों, बिजली ट्रांसफार्मरों और पेयजल योजनाओं की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया है।

लोगों और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील

मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों, खड्डों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें।

प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, अफवाहों से बचने की अपील

नरेश चौहान ने कहा कि राज्य में स्थिति नियंत्रण में है और सरकार लगातार इसकी निगरानी कर रही है। जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करें। साथ ही उन्होंने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें