मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल के 6 सरकारी स्कूल बनेंगे राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल, स्मार्ट क्लास से लेकर स्विमिंग पूल तक मिलेंगी सुविधाएं

सार

हिमाचल प्रदेश सरकार ने ग्रामीण और दूरदराज के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए छह सरकारी स्कूलों को राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया है। इन स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं, खेल मैदान, इंडोर स्टेडियम, पौष्टिक भोजन और स्विमिंग पूल जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

3 मिनट
हिमाचल के 6 सरकारी स्कूल बनेंगे राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल, स्मार्ट क्लास से लेकर स्विमिंग पूल तक मिलेंगी सुविधाएं

करसोग, रामपुर, रोहड़ू, चौपाल, नोहराधार और बहडाला के स्कूलों का होगा स्तरोन्नयन; ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और बेहतर सुविधाएं देने पर सरकार का फोकस

हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश के शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने छह राजकीय स्कूलों को राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया है।

इस पहल का उद्देश्य खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

इन छह स्कूलों का होगा स्तरोन्नयन

सरकार द्वारा मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए चयनित संस्थानों में मंडी जिले के करसोग विधानसभा क्षेत्र का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करसोग, रामपुर विधानसभा क्षेत्र का राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर बुशहर, रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र का राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहड़ू,

शिमला जिले के चौपाल विधानसभा क्षेत्र का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौपाल, सिरमौर जिले के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नोहराधार और ऊना विधानसभा क्षेत्र का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहडाला शामिल हैं।

स्मार्ट क्लास से लेकर स्विमिंग पूल तक सुविधाएं

राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत सरकारी स्कूलों में आधुनिक शैक्षणिक और खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन स्कूलों में हाईटेक स्मार्ट कक्षाएं, खेल मैदान, इंडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल और विद्यार्थियों के लिए पौष्टिक भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है।

सरकार का मानना है कि आधुनिक सुविधाओं से सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहतर होगा और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों के समान बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर के नजदीक आधुनिक शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी और वे भविष्य की चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना करने में सक्षम बनेंगे।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में हिमाचल पांचवें स्थान पर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से वर्ष 2021 में करवाए गए सर्वेक्षण के अनुसार पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर था। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

सरकारी स्कूलों में बढ़ा विद्यार्थियों का रुझान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने के भी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के कारण करीब 24 हजार विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों से सरकारी स्कूलों में प्रवेश लिया है। सरकार का लक्ष्य सरकारी शिक्षण संस्थानों को और मजबूत कर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध करवाना है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें