पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया मामला, नशे की खेप और तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी टीम
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हमीरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सदर पुलिस ने शहर के रामनगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चिट्टे (हेरोइन) की खेप बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामनगर में कार्रवाई के दौरान मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को वार्ड नंबर-10 रामनगर में कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन युवकों के कब्जे से 10.33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
शशांक भारद्वाज निवासी बड़ैहर, तहसील भोरंज
नवीन कपलेश निवासी लोहारड़ा
अश्वनी कुमार निवासी बरोहा, डाकघर डुग्घा
के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के ‘नशा मुक्त हिमाचल’ अभियान के तहत जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग
जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि आसपास नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस का कहना है कि समाज के सहयोग से ही नशे के बढ़ते खतरे को रोकने में मदद मिल सकती है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube