सुंदरनगर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में एक पुरुष और एक महिला आरोपी को दबोचा, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार (IPS) के नेतृत्व में मंडी पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 29.850 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं।
पहले मामले में 20 ग्राम चिट्टा बरामद
पहले मामले में पुलिस थाना सुंदरनगर में एफआईआर संख्या 153/2026 दिनांक 24 जुलाई 2026 को धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान यशपाल, निवासी गांव धडवाहन, तहसील बल्ह, जिला मंडी, के कब्जे से 20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एचआरटीसी बस में महिला यात्री से मिला 9.850 ग्राम चिट्टा
दूसरे मामले में पुलिस थाना सुंदरनगर में एफआईआर संख्या 175/2026 दिनांक 24 जुलाई 2026 को धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने पुंघ फोरलेन पर लगाए गए नाके के दौरान दिल्ली-मनाली रूट की एचआरटीसी बस की जांच की। इस दौरान एक महिला यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर महिला पुलिस अधिकारी ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके हैंडबैग से 9.850 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए मादक पदार्थ को कब्जे में लिया और आरोपी पिंकी, निवासी सदर, जिला मंडी, को गिरफ्तार कर लिया।
आगे की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आज संबंधित न्यायालय में पेश किया जाएगा। दोनों मामलों में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube