150 मीटर गहरी नदी में गिरी बाइक, एक युवक को बचाया गया; एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें तलाश में जुटीं
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में साहो मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या देखकर घर लौट रहे दो युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी साल नदी में जा गिरी।
हादसे में एक युवक को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरा युवक नदी के तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस, अग्निशमन विभाग और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।
मिंजर नाइट से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चंबा के सरू क्षेत्र के रहने वाले दोनों युवक रविवार रात अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या देखने आए थे।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद करीब 11 बजे दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जब वे चंबा-साहो मार्ग पर बालू के पास पक्काटाला मोहल्ले के समीप पहुंचे तो अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे साल नदी में जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने रस्सी के सहारे बचाया युवक
हादसे के समय पक्काटाला मोहल्ले के लोगों ने बाइक को नदी में गिरते देखा। घायल युवक की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए रस्सी की मदद से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं दूसरा युवक नदी के तेज बहाव में बह गया और उसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में आ रही परेशानी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात मौके पर पहुंच गई थी। सोमवार सुबह से एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीमों ने साल नदी और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाश अभियान शुरू किया।
नदी का बहाव तेज होने के कारण बचाव अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एक युवक को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
उन्होंने कहा कि हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी गहन जांच की जा रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube