35 टैक्सी यूनियनों ने जताया विरोध, मांग पूरी न होने पर जिला बॉर्डर पर चक्का जाम की चेतावनी
एटीएस और जीपीएस व्यवस्था के विरोध में सोमवार को धर्मशाला में जिला कांगड़ा की 35 टैक्सी यूनियनों के चालक सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन किया।
टैक्सी चालकों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मांग की कि एटीएस व्यवस्था को जल्द हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
चार महीने पहले भी किया था चक्का जाम
टैक्सी चालकों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे करीब चार महीने पहले भी धर्मशाला के गांधी पार्क के पास प्रदर्शन कर चुके हैं। उस दौरान दिनभर चक्का जाम किया गया था।
इसके बाद जिला प्रशासन ने उनकी मांगों को केंद्र सरकार के समक्ष भेजा था, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिलने से टैक्सी चालकों में फिर से रोष बढ़ गया है।
प्रदर्शन कर रहे टैक्सी चालकों ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एटीएस व्यवस्था को नहीं हटाया गया तो जिला कांगड़ा के सभी बॉर्डर क्षेत्रों में चक्का जाम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस दौरान केवल एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को ही रास्ता दिया जाएगा, जबकि अन्य वाहनों को रोका जाएगा।
प्रशासन और सरकार को ठहराया जिम्मेदार
टैक्सी यूनियनों ने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं होने से उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आने वाले दिनों में हालात बिगड़ते हैं तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और प्रदेश सरकार की होगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube