खनियारा के राइजिंग स्टार पीक के समीप हुआ हादसा, पुलिस और एसडीआरएफ ने रातभर चलाया सर्च ऑपरेशन
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित खनियारा में पैराग्लाइडिंग हादसे में बुल्गारिया के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि दूसरे विदेशी नागरिक को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसा 25 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच राइजिंग स्टार पीक के समीप हुआ।
मृतक की पहचान मैक्सिम वैलेंटिनोविच गैवरिलिचेंको के रूप में हुई है, जबकि सुरक्षित बचाए गए विदेशी नागरिक का नाम स्टीफेन एंटोनी बताया गया है।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, मैक्सिम वैलेंटिनोविच गैवरिलिचेंको 7 अक्टूबर 2026 को टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। वह अपने दोस्त के साथ सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ान भर रहा था, तभी खनियारा के राइजिंग स्टार पीक के समीप हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी में तेज हवा को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की दो टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दुर्गम क्षेत्र में रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सोमवार सुबह करीब दस बजे अभियान पूरा हुआ। इस दौरान बुल्गारियाई पर्यटक की मौत की पुष्टि हुई, जबकि दूसरे विदेशी नागरिक स्टीफेन एंटोनी को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया।
पोस्टमार्टम के लिए रखा शव
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला के शवगृह में रखा गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। हादसे के सटीक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube