चंबा में 2 अगस्त तक चलेगा आठ दिवसीय आयोजन, पारंपरिक शोभायात्रा, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र।
चंबा। हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का रविवार से ऐतिहासिक चंबा शहर में भव्य शुभारंभ होगा। सुबह 9 बजे नगर परिषद कार्यालय से बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसकी अगुवाई राज्यपाल कविंद्र गुप्ता करेंगे।
यह मेला 26 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु, पर्यटक और कलाकार भाग लेंगे।
परंपरा के अनुसार राज्यपाल ऐतिहासिक लक्ष्मीनारायण मंदिर में मिर्जा परिवार द्वारा तैयार की गई पवित्र मिंजर भगवान लक्ष्मीनारायण को अर्पित करेंगे। इसके बाद शोभायात्रा पिंक पैलेस स्थित भगवान रघुनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मिंजर अर्पित की जाएगी।
इसके उपरांत चौगान मैदान में ध्वजारोहण के साथ आठ दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का औपचारिक शुभारंभ होगा। पहले दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भी राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला हिमाचल प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का प्रमुख उत्सव माना जाता है। मेले के दौरान लोकनृत्य, लोकसंगीत, हस्तशिल्प प्रदर्शनियां, खेलकूद प्रतियोगिताएं और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मिंजर मेले का इतिहास चंबा के संस्थापक राजा साहिल वर्मन और राजकुमारी चंपावती से जुड़ा माना जाता है। परंपरा के अनुसार भगवान रघुवीर और भगवान लक्ष्मीनारायण को धान और मक्की की बालियों से बनी मिंजर, नारियल, एक रुपया और ऋतु फल अर्पित कर मेले की शुरुआत होती है।
समापन समारोह में पवित्र मिंजर का रावी नदी में विसर्जन किया जाता है, जो अच्छी फसल, समृद्धि और लोककल्याण का प्रतीक माना जाता है। इस मेले की एक अनूठी पहचान यह भी है कि मिर्जा परिवार द्वारा तैयार की गई मिंजर भगवान को अर्पित की जाती है, जो हिंदू-मुस्लिम एकता, सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक भाईचारे का प्रतीक है।
Keywords (English): International Minjar Fair, Chamba Minjar Mela, Minjar Festival, Chamba Himachal Pradesh, Governor Kavinder Gupta, Lakshmi Narayan Temple, Raghunath Temple, Ravi River, Himachal Tourism, Cultural Festival
follow us on facebook
subscribe to us on youtube