मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हमीरपुर में मसीयाणा फोरलेन पर निर्माणाधीन पुल गिरा, 8 मजदूर घायल

सार

हमीरपुर में मटौर-शिमला फोरलेन पर मसीयाणा के पास निर्माणाधीन पुल का हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे के दौरान पुल पर काम कर रहे मजदूर घायल हो गए। प्रशासन, पुलिस और एनएचएआई की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

TV Incharge

अपडेट: 3 मिनट
हमीरपुर में मसीयाणा फोरलेन पर निर्माणाधीन पुल गिरा, 8 मजदूर घायल

करीब 100 फीट नीचे खाई में गिरा पुल का मटेरियल, नायब तहसीलदार बोले- 5 मामूली और 3 गंभीर घायल

मटौर से शिमला फोरलेन पर चील वाहल से मसीयाणा के पास हथली खड्ड के बीच बन रहा बड़ा निर्माणाधीन पुल शुक्रवार को अचानक गिर गया। पुल का हिस्सा गिरते ही उसका सारा मटेरियल करीब 100 फीट नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के दौरान पुल पर काम कर रहे मजदूर भी नीचे जा गिरे।

प्रारंभिक जानकारी में तीन लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी। वहीं, मौके पर पहुंचे हमीरपुर के नायब तहसीलदार जगदीश चंद के अनुसार, पुल पर कुल 8 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें 5 मामूली रूप से घायल हुए हैं, जबकि 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया है।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचा प्रशासन

निर्माणाधीन पुल के अचानक गिरने की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।

हादसे के बाद कुछ लोगों के पुल के दूसरी तरफ फंसे होने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि करीब 6 लोग दूसरी तरफ फंसे हैं, जिन्हें निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एंबुलेंस को दूसरे मार्ग से भेजे जाने की जानकारी है।

100 मीटर से अधिक लंबा बताया जा रहा पुल

बताया गया है कि निर्माणाधीन पुल की लंबाई 100 मीटर से अधिक है और नाले से इसकी ऊंचाई भी काफी अधिक है। इतने बड़े प्रोजेक्ट में निर्माणाधीन पुल का अचानक गिरना चिंता का विषय बना हुआ है।

फिलहाल मौके पर प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौजूद हैं और हादसे की जांच की जा रही है। घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में चल रहा है।

नायब तहसीलदार ने दी हादसे की जानकारी

हमीरपुर के नायब तहसीलदार जगदीश चंद ने बताया कि निर्माणाधीन लोहे के पुल का हिस्सा टूट गया है। हादसे के समय पुल पर 8 मजदूर काम कर रहे थे। इनमें 5 मजदूर मामूली घायल हुए हैं, जबकि 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में चल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन मौके पर पहुंच गया है और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।

चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ हादसा

मौके पर मौजूद चश्मदीद देशराज ने बताया कि अचानक निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिर गया। उस समय वह घास काटने का काम कर रहे थे। पुल का हिस्सा गिरते ही मजदूरों की चीख-पुकार शुरू हो गई।

उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद घायल मजदूरों को बाहर निकाला गया। इसके बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • Hamirpur bridge collapse
  • construction accident
  • worker injuries
  • rescue operation
  • Masiyiana incident
  • four-lane road accident

इस खबर को शेयर करें