मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हमीरपुर में त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, 45 खाद्य सैंपल लिए

सार

त्योहारी सीजन से पहले हमीरपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों से मिठाई, अचार, चटनी और मस्टर्ड ऑयल समेत 45 सैंपल लिए हैं। बॉर्डर क्षेत्रों में चेक प्वाइंट बनाकर बाहरी राज्यों से आने वाली खाद्य सामग्री की भी जांच की जाएगी।

TV Incharge

2 मिनट
हमीरपुर में त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, 45 खाद्य सैंपल लिए

नवरात्रि, दशहरा और दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, बॉर्डर पर नाके लगाकर बाहरी राज्यों से आने वाली खाद्य सामग्री की होगी जांच

नवरात्रि, दशहरा और दीपावली के त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिलेभर में खाद्य पदार्थों की दुकानों और प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

पिछले तीन-चार दिनों में विभागीय टीमों ने भोटा, कांगू, टौणी देवी, समीरपुर और अवाहदेवी सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर मिठाई, चटनी, अचार और मस्टर्ड ऑयल समेत खाद्य सामग्री के 45 सैंपल लिए हैं। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर के अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ न हो, इसके लिए विभाग लगातार निरीक्षण कर रहा है।

मिठाइयों की मैन्युफैक्चरिंग यूनिटों का भी निरीक्षण किया गया है और संचालकों को खाद्य पदार्थों में गैर-अनुमोदित या सिंथेटिक रंगों का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी गई है।

दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभियान के दौरान विभाग ने दो वाइन शॉप के चालान भी किए हैं और संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ एक्ट के तहत आगे कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारी सीजन में पंजाब सहित बाहरी राज्यों से बड़ी मात्रा में मिठाइयां, खोया, पनीर और अन्य कच्चा माल हमीरपुर पहुंचता है। इसे देखते हुए जिले के बॉर्डर क्षेत्रों में दो से तीन चेक प्वाइंट बनाए जा रहे हैं।

नादौन और बड़सर क्षेत्र में नाके लगाकर बाहर से आने वाले खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी। यदि किसी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया संदिग्ध या मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई तो उसे मौके पर ही सीज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उसे नष्ट करवाने के साथ-साथ उसके सैंपल भी जांच के लिए लिए जाएंगे।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से त्योहारी सीजन में मिलावट करने वालों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता नहीं होने दिया जाएगा।

वहीं, उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे खुले में रखी या संदिग्ध गुणवत्ता वाली मिठाइयां खरीदने से बचें और खाद्य सामग्री खरीदते समय साफ-सफाई, पैकेजिंग तथा गुणवत्ता की जांच जरूर करें।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • खाद्य सुरक्षा
  • त्योहार
  • मिलावटखोरी
  • नवरात्र
  • दशहरा
  • दीपावली
  • सैंपल

इस खबर को शेयर करें