मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

द्रंग भाजपा में बदलाव की सुगबुगाहट तेज, बधोणी धार में जन्मदिन समारोह के बहाने बनी नई सियासी रणनीति!

सार

मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के बधोणी धार में भाजपा के एक युवा नेता के जन्मदिन समारोह के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक कर क्षेत्रीय संतुलन और युवा नेतृत्व को मौका देने पर मंथन किया। बैठक में एक सर्वमान्य चेहरे के चयन और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करने पर जोर दिया गया।

TV Incharge

3 मिनट
द्रंग भाजपा में बदलाव की सुगबुगाहट तेज, बधोणी धार में जन्मदिन समारोह के बहाने बनी नई सियासी रणनीति!

युवा नेतृत्व को मौका देने की मांग पर वरिष्ठ नेताओं ने की घंटों चर्चा, सर्वमान्य चेहरे पर सहमति बनाने के दिए संकेत; शीर्ष नेतृत्व के फैसले को मानने पर जताई एकजुटता

मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बधोणी धार में आयोजित एक जन्मदिन समारोह के बाद नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। भाजपा के एक युवा नेता के जन्मदिन के बहाने आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

कार्यक्रम के तुरंत बाद पार्टी के वरिष्ठ और पुराने नेताओं की कई घंटों तक चली बैठक ने इन चर्चाओं को और तेज कर दिया है। बैठक में क्षेत्रीय संतुलन, युवा नेतृत्व और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर मंथन किया गया।

सूत्रों के अनुसार, द्रंग के दुर्गम क्षेत्र बधोणी धार में आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से कार्यकर्ता और चुने हुए प्रतिनिधि पहुंचे। दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद जुटी भीड़ को आगामी चुनावों से पहले युवा नेतृत्व की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने मंडयाली धाम का भी आनंद लिया।

जन्मदिन समारोह के बाद हुई बैठक में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और द्रंग विधानसभा क्षेत्र के क्षेत्रीय संतुलन पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में यह बात उठी कि विधानसभा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और क्षेत्रीय बारी के हिसाब से अब निचले क्षेत्र को प्रतिनिधित्व का मौका मिलना चाहिए।

नेताओं ने कहा कि निचले क्षेत्र के कार्यकर्ता हमेशा भाजपा के साथ खड़े रहे हैं, इसलिए वहां से किसी युवा नेतृत्व को आगे लाने पर विचार किया जाना चाहिए। बैठक में भविष्य के लिए एक सर्वमान्य युवा और भाजपा कार्यकर्ता चेहरे के नाम पर सहमति बनाने के संकेत भी दिए गए।

बैठक में द्रंग विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के राजनीतिक इतिहास पर भी चर्चा हुई। इस दौरान कहा गया कि दीना नाथ शास्त्री मूल रूप से भाजपा के विधायक रहे हैं, जबकि उनके बाद द्रंग से भाजपा विधायक बने नेताओं का दूसरी पार्टियों से भाजपा में आने का राजनीतिक सफर रहा है।

बैठक में इस बार ऐसे युवा नेता को टिकट देने की जरूरत पर जोर दिया गया, जो लंबे समय तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सके और संगठन का समर्पित कार्यकर्ता हो।

बैठक की खास बात यह रही कि किसी भी बड़े या छोटे नेता का विरोध सामने नहीं आया। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के हर फैसले को स्वीकार करेंगे और ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे, जिससे संगठन कमजोर हो।

बधोणी धार में आयोजित कार्यक्रम और उसके बाद हुई बैठक ने द्रंग भाजपा में युवा नेतृत्व, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • द्रंग
  • बधोणी धार
  • युवा नेतृत्व
  • विधानसभा चुनाव
  • क्षेत्रीय राजनीति

इस खबर को शेयर करें