मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

दरोटेश्वरी माता मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा, ग्रामीणों ने पशु बलि प्रथा बंद करने का लिया संकल्प

सार

शिमला जिले की टिक्कर तहसील के दरोटी गांव स्थित दरोटेश्वरी माता मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने मंदिर में प्रचलित पशु बलि की परंपरा बंद करने का संकल्प लिया। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले करीब 30 श्रद्धालुओं ने माता के चिन्हों के साथ हरिद्वार से दरोटी तक लगभग 300 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी की।

TV Incharge

2 मिनट
दरोटेश्वरी माता मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा, ग्रामीणों ने पशु बलि प्रथा बंद करने का लिया संकल्प

हरिद्वार से माता के चिन्हों के साथ श्रद्धालुओं ने की 300 किलोमीटर की पैदल यात्रा, सात्विक पूजा-पद्धति को आगे बढ़ाने पर दिया जोर

शिमला जिले की टिक्कर तहसील के दरोटी गांव स्थित दरोटेश्वरी माता मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।

मंदिर का इतिहास सैकड़ों वर्ष पुराना बताया जाता है। नए मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही ग्रामीणों और देव समाज ने मंदिर में पहले से चली आ रही पशु बलि की परंपरा को पूरी तरह बंद करने का संकल्प लिया।

हरिद्वार से 300 किलोमीटर की पैदल यात्रा

मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले स्थानीय ग्रामीणों ने माता के चिन्हों के साथ धार्मिक यात्रा की। श्रद्धालुओं ने पहले कांगड़ा जिले के नगरकोट और ज्वाला माता मंदिर में दर्शन किए।

इसके बाद वे हरिद्वार पहुंचे और माता के चिन्हों के साथ गंगा में स्नान किया। वहां से श्रद्धालुओं ने पारंपरिक नियमों का पालन करते हुए दरोटी मंदिर तक करीब 300 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी की। इस यात्रा में लगभग 30 श्रद्धालु शामिल रहे।

मंदिर के पुजारी पंडित वेद प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि मंदिर में पहले पशु बलि की परंपरा थी, लेकिन अब ग्रामीणों और देव समाज ने इसे पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया है।

69 वर्षीय श्रद्धालु भी यात्रा में हुए शामिल

यात्रा में शामिल 69 वर्षीय श्रद्धालु राजेंद्र रांटा ने बताया कि मंदिर स्थापना से पहले माता के चिन्हों के साथ यात्रा करने की परंपरा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में युवाओं ने भी पूरी भक्ति और श्रद्धा के साथ भाग लिया। पशु बलि पर रोक के फैसले को उन्होंने सामाजिक और धार्मिक परंपराओं में सकारात्मक बदलाव बताते हुए सात्विक पूजा-पद्धति को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

यात्रा में शामिल सुनील मोहन रांटा ने बताया कि श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान परंपरा के अनुसार एक समय भोजन किया और पूरी श्रद्धा एवं विश्वास के साथ माता के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि 300 किलोमीटर की इस पैदल यात्रा में युवा पीढ़ी भी देव संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित नजर आई। उनके अनुसार, समय और सामाजिक परिस्थितियों के बदलाव के साथ धार्मिक परंपराओं में सकारात्मक परिवर्तन जरूरी हैं, साथ ही संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का संरक्षण भी महत्वपूर्ण है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें