मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सिरमौर के कोटली गांव में देव भेंटना कार्यक्रम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, देव जातर में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु

सार

सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र के कोटली गांव में भाट देवता का पारंपरिक देव भेंटना कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित हुआ। इस दौरान देव जातर निकाली गई, श्रद्धालुओं ने चावल और अखरोट की भेंट चढ़ाई तथा देववाणी सुनकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।

TV Incharge

3 मिनट
सिरमौर के कोटली गांव में देव भेंटना कार्यक्रम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, देव जातर में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु

भाट देवता मंदिर से काली माता मंदिर तक ढोल-नगाड़ों के साथ निकली देव जातर, चावल-अखरोट की भेंट और देववाणी के साथ निभाई गई सदियों पुरानी परंपरा

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र की समृद्ध देव संस्कृति आज भी सदियों पुरानी परंपराओं के रूप में जीवंत है। इसी परंपरा का नजारा ग्राम पंचायत सैर जगास के कोटली गांव में देखने को मिला, जहां भाट देवता का पारंपरिक देव भेंटना कार्यक्रम पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

दीपावली के बाद हर वर्ष आयोजित होने वाले इस देव भेंटना कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देवता के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम का शुभारंभ भाट देवता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों और ढोल-नगाड़ों के बीच भाट देवता मंदिर से काली माता मंदिर तक देव जातर यानी निशान यात्रा निकाली गई।

लाल-सफेद धजाओं के साथ निकाली देव जातर

देव जातर में ग्रामीण पारंपरिक लाल और सफेद झंडे लेकर शामिल हुए, जिन्हें स्थानीय भाषा में धजा कहा जाता है। खास बात यह है कि प्रत्येक श्रद्धालु अपने घर से धजा लेकर देव जातर में पहुंचता है। देवता के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा गांव भक्तिमय माहौल में रंग गया।

देववाणी सुनकर मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

कोटली के देव भेंटना कार्यक्रम की प्रमुख परंपराओं में देववाणी का विशेष महत्व है। भाट देवता की पूजा-अर्चना के बाद देवता के गुर के माध्यम से वाणी पूछी जाती है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार गुर के माध्यम से देवता अपने भक्तों को आशीर्वाद देते हैं।

श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ देववाणी सुनते हैं और परिवार, गांव तथा पूरे क्षेत्र की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना करते हैं। ग्रामीणों के लिए यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देवता के प्रति अटूट आस्था और पूर्वजों से मिली सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

चावल और अखरोट की भेंट चढ़ाने की परंपरा

देव भेंटना कार्यक्रम में चावल और अखरोट की भेंट अर्पित करने की परंपरा भी निभाई गई। ग्रामीण अपने इष्ट देवता के दरबार में चावल और अखरोट लेकर पहुंचे और श्रद्धापूर्वक भेंट चढ़ाई। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं ने अच्छी फसल, पशुधन की रक्षा, परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र में शांति बनाए रखने का आशीर्वाद मांगा।

आधुनिकता के इस दौर में भी गांव के युवा और नई पीढ़ी इस परंपरा को पूरे उत्साह के साथ निभा रहे हैं, जो क्षेत्र की देव संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सामूहिक भंडारे के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

देव भेंटना कार्यक्रम का समापन सामूहिक भंडारे के साथ हुआ। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान धार्मिक आस्था के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की झलक भी देखने को मिली।

कोटली गांव में आयोजित यह देव भेंटना कार्यक्रम राजगढ़ क्षेत्र की समृद्ध देव संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक बना। देव जातर, देववाणी, चावल-अखरोट की भेंट और सामूहिक भंडारे जैसी परंपराएं आज भी नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ रही हैं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें