मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला और हमीरपुर का कायाकल्प: CM सुक्खू ने दी कमर्शियल प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी, 470 करोड़ से बदलेंगे दोनों शहर

सार

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के शहरी बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में आज एक बड़ी बैठक की अध्यक्षता की।

2 मिनट
शिमला और हमीरपुर का कायाकल्प: CM सुक्खू ने दी कमर्शियल प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी, 470 करोड़ से बदलेंगे दोनों शहर

शिमला।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के शहरी बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में आज एक बड़ी बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने शिमला की पुरानी सब्जी मंडी में 'केंद्रीय व्यापारिक जिला' (CBD) और हमीरपुर में 'सिटी सेंटर' परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इन्हें विश्वस्तरीय आर्थिक केंद्र के

रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ कम होगी, बल्कि आधुनिक व्यावसायिक स्थलों और स्मार्ट पार्किंग के माध्यम से राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

शिमला की सब्जी मंडी सीबीडी परियोजना को दो चरणों में कुल 330 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। इसके पहले चरण के लिए 210 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें से 160 करोड़ रुपये की राशि नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को पहले ही आवंटित की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम शिमला को कड़े निर्देश दिए हैं कि परियोजना स्थल पर मौजूद आवासों और कार्यालयों को 21 मई 2026 तक हर हाल में खाली करवाया जाए, ताकि 11 जुलाई तक साइट को निर्माण के लिए पूरी तरह तैयार किया जा सके। अगस्त 2026 तक इस मेगा प्रोजेक्ट की निविदा प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

हमीरपुर शहर के कायाकल्प के लिए प्रस्तावित 140 करोड़ रुपये की सिटी सेंटर परियोजना पर भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि हमीरपुर का नया बस स्टैंड जल्द ही जनता को समर्पित कर दिया जाएगा, जिसके बाद पुराने बस स्टैंड को तोड़कर वहां भव्य सिटी सेंटर का निर्माण होगा।

इस प्रोजेक्ट के लिए 80 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है और शेष धनराशि पीपीपी (PPP) मोड के जरिए जुटाई जाएगी। एचआरटीसी को निर्देश दिए गए हैं कि वे पुराने बस स्टैंड के कब्जाधारकों को परिसर खाली करने के नोटिस तुरंत जारी करें।

बैठक के दौरान लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विभाग को स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं के कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को स्थान खाली होने के एक माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने को कहा है ताकि शिमला और हमीरपुर को जल्द ही आधुनिक व्यावसायिक सुविधाएं, स्मार्ट पार्किंग और बेहतर सार्वजनिक क्षेत्र मिल सकें। इस बैठक में प्रधान सचिव शहरी विकास देवेश कुमार और एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

इस खबर को शेयर करें