सीएम सुक्खू ने आईजीएमसी में समर्पित शोध विभाग स्थापित करने के दिए निर्देश, मरीजों को बेहतर जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों में शोध कार्यों को बढ़ावा देने और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम चरण में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में एक समर्पित शोध विभाग स्थापित किया जाएगा। इसके बाद इसे प्रदेश के अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों में भी लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शोध के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र में नई संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में डायग्नोस्टिक सेवाओं को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों को एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं बिना प्रतीक्षा के समय पर उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि बीमारी की पहचान और उपचार जल्द शुरू हो सके।
मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में रक्त जांच सुविधाओं को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज चमियाना, आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में स्वचालित प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए 75 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
इन प्रयोगशालाओं में एक ही रक्त नमूने से कई जांच एक साथ करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए धन की कोई कमी नहीं है। सरकार चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने दवाइयों की खरीद सीधे दवा निर्माण कंपनियों से करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इससे बेहतर गुणवत्ता वाली दवाइयां उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। साथ ही चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालयों के शिक्षकों और चिकित्सकों से मिले सुझावों के आधार पर स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जल्द ही विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों का दौरा कर चिकित्सकों और शिक्षकों से संवाद करने की बात कही।
बैठक में विधायक कुलदीप राठौर, विधायक हरीश जनारथा, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube