बस्सी पुलिस चौकी क्षेत्र का मामला, परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने की जताई आशंका
उपमंडल जोगिंदरनगर के बस्सी पुलिस चौकी क्षेत्र से दो नाबालिग बहनों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों बहनें करीब एक सप्ताह से घर से गायब हैं, जिसके बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
मनोह निवासी गुड्डी देवी ने इस संबंध में पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला ने बताया कि उसकी चार बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। उसकी दो नाबालिग बेटियां करीब एक सप्ताह पहले बिना किसी को बताए घर से चली गईं।
परिजनों ने अपने स्तर पर दोनों बहनों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी दोनों बेटियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। लापता नाबालिगों की तलाश और बरामदगी के लिए पुलिस की ओर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube