शीतला पुल और सुल्तानपुर का किया निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा; 12 करोड़ की लागत से बन रहे हेलीपोर्ट का भी लिया जायजा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को चंबा जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर भारी बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार राहत एवं पुनर्वास के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
शीतला पुल और सुल्तानपुर क्षेत्र का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री सबसे पहले शीतला पुल और सुल्तानपुर के राणा मोहल्ला पहुंचे, जहां मानसून के दौरान भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक सुविधाओं की जल्द बहाली सुनिश्चित की जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष भी चंबा जिले को मानसून के दौरान भारी नुकसान झेलना पड़ा था और इस वर्ष भी कई क्षेत्रों में व्यापक क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का भी लिया जायजा
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह हेलीपोर्ट जिले के विकास और पर्यटन को नई गति देगा।
चंबा में जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष के अंत तक या अगले वर्ष की शुरुआत में चंबा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का प्रयास कर रही है। इससे जिले की हवाई संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और पर्यटन के साथ-साथ अन्य विकासात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
दौरे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैयर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube