CM सुक्खू की केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से मुलाकात, उड़ान योजना के तहत हिमाचल में हेलीपोर्ट निर्माण के लिए केंद्र देगा वित्तीय सहायता
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस दौरान हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने और विमानन अवसंरचना के विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार का मामला प्राथमिकता से उठाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पर्यटन राज्य के लिए बेहतर हवाई संपर्क बेहद महत्वपूर्ण है। हवाई सेवाओं के विस्तार से पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी और प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। इस पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को एयरपोर्ट विस्तार के लिए टेक्नो-इकोनॉमिक फीजिबिलिटी रिपोर्ट दो माह के भीतर अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को परियोजना के लिए सक्षम सलाहकार नियुक्त करने और निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट तैयार करवाने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि रिपोर्ट दो माह में तैयार हो जाती है तो कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की प्रक्रिया को गति मिलेगी और परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) से परियोजना की लागत का यथार्थपरक आकलन करने का भी आग्रह किया।
हिमाचल में हेलीपोर्ट निर्माण को केंद्र देगा वित्तीय सहायता
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तावित और विकसित किए जा रहे हेलीपोर्ट के मुद्दे को भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि हिमाचल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों तक बेहतर हवाई संपर्क पहुंचाना जरूरी है।
साथ ही, आपात परिस्थितियों में त्वरित सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए हेलीपोर्ट नेटवर्क को मजबूत करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री के आग्रह पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने उड़ान योजना के तहत हिमाचल प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने पर सहमति व्यक्त की।
शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों पर भी चर्चा
बैठक में शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों के संचालन का मुद्दा भी उठा। केंद्रीय मंत्री ने शिमला को नियमित हवाई संपर्क उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया। शिमला एयरपोर्ट की रनवे क्षमता के अनुरूप उपयुक्त विमानों के संचालन की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट की तर्ज पर शिमला एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के स्थान पर हिमाचल प्रदेश पुलिस को सौंपने का आग्रह किया। मंत्रालय की ओर से इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार, शिमला एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवाएं और प्रदेश में हेलीपोर्ट नेटवर्क का विस्तार पर्यटन के साथ-साथ दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, प्रधान आवासीय आयुक्त अजय कुमार तथा केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube