हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह एक टिप्पर और निजी बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क के बीचोंबीच फंस गए, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
हाईवे पर घंटों बाधित रहा यातायात
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टिप्पर और निजी बस को सड़क से हटाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
प्रतियोगी परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को हुई परेशानी
हाईवे पर लगे लंबे जाम का असर बनीखेत में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों पर भी पड़ा। कई परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने को लेकर चिंतित रहे और उन्हें लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा। यातायात बहाल होने के बाद ही वे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सके।
जनहानि नहीं, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि टिप्पर और निजी बस दोनों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube