हादसे के बाद सड़क पर फंसा ट्रक, बड़े वाहनों की आवाजाही बंद; सेब से लदे ट्रक लंबी कतार में फंसे
राजधानी शिमला के भट्टाकुफर स्थित शिव मंदिर के समीप रविवार सुबह एक ट्रक अनियंत्रित होकर तीन वाहनों से टकरा गया। हादसे के बाद ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई और वह सड़क के बीचोंबीच फंस गया। इसके चलते इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।
सेब से लदे ट्रक जाम में फंसे
हादसे के कारण सड़क पर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। सबसे अधिक असर सेब सीजन पर पड़ा, क्योंकि मंडियों की ओर जा रहे सेब से लदे कई ट्रक रास्ते में ही फंस गए। समय पर सेब मंडियों तक नहीं पहुंच पाने की आशंका से बागवानों और आढ़तियों की चिंता बढ़ गई है।
छोटे वाहनों की आवाजाही जारी
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार फिलहाल इस मार्ग से केवल छोटे वाहनों को निकाला जा रहा है, जबकि बड़े वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है। मौके पर पुलिस की टीम यातायात को नियंत्रित करने और जाम की स्थिति को संभालने में जुटी हुई है।
पुलिस सड़क पर फंसे ट्रक को हटाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ट्रक हटने के बाद ही बड़े वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकेगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, हालांकि तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने, संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।