पंजाब से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, सभी सुरक्षित; वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पंजाब से माता के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में कार में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित बच गए और केवल मामूली चोटें आईं।
दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात उस समय हुई जब पंजाब से आए श्रद्धालु श्री नैना देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। बड़े मोड़ के पास अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे लुढ़क गई।
5 से 6 श्रद्धालु थे सवार
बताया जा रहा है कि कार में 5 से 6 श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
वाहन को हुआ भारी नुकसान
हालांकि हादसे में इनोवा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन सड़क से काफी नीचे जा गिरा, जिसे क्रेन की सहायता से बाहर निकालने का कार्य जारी है।
श्रावण मास के चलते इन दिनों श्री नैना देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे समय में हुए इस हादसे के बावजूद किसी प्रकार की जनहानि न होना राहत की बात रही।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube